फिरोजाबाद: अगर आप नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो आज का दिन आपके लिए बेहद खास होने वाला है. आज जिले में बड़ा रोजगार मेला (UP Rojgar Mela) लगने जा रहा है. इस मेले में 50 कंपनियां करीब 5000 नौकरियां लेकर आ रहीं हैं. चलिए आपको इस मेले के बारे में बताते हैं.
कहां होगा आयोजन: जिला सेवायोजन कार्यालय के तत्वावधान में 24 मार्च को एक दिवसीय निःशुल्क रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है. यह रोजगार मेला सुबह 10:00 बजे से ठाकुर बीरी सिंह महाविद्यालय, टूण्डला फिरोजाबाद में आयोजित किया जाएगा.
अधिकारी ने दी यह जानकारी: जिला सेवायोजन अधिकारी खुशबू शाक्य के मुताबिक, इस रोजगार मेले में लगभग 50 प्रतिष्ठित कंपनियों एवं नियोजकों के भाग लेने की संभावना है. मेले में 5000 से अधिक अभ्यर्थियों के पहुंचने का अनुमान लगाया गया है. मेले के माध्यम से देश और प्रदेश की विभिन्न कंपनियां बेरोजगार युवाओं का इंटरव्यू लेकर मौके पर ही चयन प्रक्रियाओं को पूरा करेंगी. खास बात यह है कि ये पूरी चयन प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है.
कैसे कराएं रजिस्ट्रेशन: जिला सेवायोजन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है. अभ्यर्थियों को सेवायोजन विभाग के वेब पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in और राष्ट्रीय करियर सेवा (NCS) की वेबसाइट ncs.gov.in पर अपना पंजीकरण कराना होगा.
अभ्यर्थियों को मेले में साक्षात्कार के दौरान अपना पंजीकरण कार्ड, शैक्षिक प्रमाण पत्र, फोटो पहचान पत्र (आईडी) तथा अपडेटेड रिज्यूम साथ लाना अनिवार्य होगा. बिना आवश्यक दस्तावेजों के साक्षात्कार में भाग लेना संभव नहीं होगा.
वहीं, प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इस रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का मार्ग व्यय (ट्रैवल अलाउंस) नहीं दिया जाएगा. जिला सेवायोजन अधिकारी ने अधिक से अधिक संख्या में युवाओं से इस रोजगार मेले में भाग लेने की अपील की है.