गोरखपुर में सीएम योगी का बयान: डबल इंजन सरकार के सामने नहीं टिकेगी ‘पंचर साइकिल’

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 14 करोड़ की लागत से तैयार गर्ल्स हॉस्टल का शिलान्यास किया. इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए, उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद से राज्य की 36% महिलाएं कामकाजी हुई हैं. वह घर से बाहर निकाल कर रोजगार से जुड़ी हैं. जबकि वर्ष 2017 के पहले, यह आंकड़ा मात्र 12% था. अपराध का खात्मा, भय मुक्त समाज की देन है कि आज बेटियां और महिलाएं प्रदेश में हर सेक्टर में काम कर रहीं हैं.

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेटी सुरक्षित हो, उसका सम्मान हो और वह नए भारत के निर्माण में अपनी भूमिका का निर्वहन प्रभावी ढंग से कर सके, इस दृष्टि से उसे सुविधा देना आज की आवश्यकता है. प्रदेश सरकार इसी को ध्यान में रखते हुए, हर बड़े महानगर में कामकाजी महिलाओं के लिए श्रमजीवी महिला छात्रावास का निर्माण कर रही है. किसी भी समाज में सुरक्षा का मानक भी यही है कि महिलाएं बिना भय के घर से बाहर निकल सकें.

2017 के बाद से सरकार की तरफ से इस दिशा में किए गए प्रयास के परिणाम सबके सामने हैं. सीएम योगी ने कहा कि संसद से पास नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर प्रधानमंत्री की इच्छा है कि 2029 के चुनाव में यह लागू हो जाए. जब समाज में महिला और पुरुष का भेद समाप्त होगा, तो सुखद अनुभूति होगी.

मुख्यमंत्री ने बताया कि गोरखपुर में सेंटर आफ एक्सीलेंस टाटा टेक्नोलॉजी के साथ मिलकर प्रारंभ किया जा रहा है. महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी (एमपीआईटी) उसको आगे बढ़ा रहा है. इसमें एआई लैब, ड्रोन, साइबर क्राइम, स्पेस टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, थ्री डी प्रिंटिंग से जुड़ी हुई वर्ल्ड क्लास लैब तैयार किया जा चुका है. यह सेंटर आफ एक्सीलेंस पूर्वी उत्तर प्रदेश के नौजवानों के लिए एक बेहतरीन केंद्र बनेगा. उन्होंने कहा कि सेंटर आफ एक्सीलेंस का उद्घाटन 15 अप्रैल को प्रस्तावित किया गया है.

वहीं, मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी पर हमला बोला. कहा, वर्तमान सरकार बुलेट ट्रेन की स्पीड से चलने वाली है. पंचर साइकिल इसका मुकाबला नहीं कर पाएगी. आज डबल इंजन की सरकार है. साइकिल का पंचर तो पंचर ही रहेगा. उन्होंने कहा कि जनता को उसके हक के लिए तरसाने वालों को आज प्रदेश की जनता ने ही सत्ता के लिए तरसा दिया है.

उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व विकास एवं सतत समृद्धि के 9 वर्ष’ विषय पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में यह पहली सरकार है, जिसने अपने 5 वर्ष के कार्यकाल को पूरा करने के बाद, सफलतापूर्वक दो तिहाई बहुमत प्राप्त कर धमाकेदार विजय प्राप्त की है. यह तब हुआ जब कार्यकर्ताओं ने जमीनी धरातल पर कार्य किया. आगे भी ऐसे ही होगा और हम जीत दर्ज करेंगे.