गोरखपुर में CM योगी का जनता दर्शन: 200 फरियादियों से मिलकर दिया मदद का आश्वासन

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात की. लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समाधान के लिए निर्देशित भी किया. जनता दर्शन में पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया.

गोरखनाथ मंदिर सीएम मीडिया सेल से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी करीब 200 लोगों से मिले. महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर लगी कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे. एक-एक करके सबकी समस्याएं सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र लिए.

पास में खड़े अधिकारियों को समस्या समाधान के लिए निर्देशित भी किया. अलग-अलग मामलों से जुड़े समस्याओं के निस्तारण के लिए उन्होंने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र संदर्भित कर निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिपरक होना चाहिए.

अपराध और जमीन कब्जा किए जाने से संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यदि कोई दबंग किसी की जमीन जबरन कब्जा कर रहा है, तो उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए. गरीबों को उजाड़ने वाले कतई न बख्शे जाएं. गरीबों की संपत्ति पर गरीबों का ही कब्जा सुनिश्चित होना चाहिए.

जनता दर्शन में कई पारिवारिक विवाद के मामले भी आए. इस पर मुख्यमंत्री ने उभयपक्षों के बीच पहले संवाद और बात न बनने पर यथोचित विधिक कार्यवाही के निर्देश दिए. हर बार की तरह कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे.

मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा. जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों को लेकर आई थीं. मुख्यमंत्री ने इन बच्चों को खूब दुलारा और चॉकलेट के साथ आशीर्वाद दिया.

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही. उन्होंने प्रातःकाल गोरखनाथ मंदिर में शिवावतार गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर मत्था टेका.

सीएम योगी जब भी गोरखनाथ मंदिर में होते हैं तो गोसेवा उनकी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा रहती है. गुरुवार सुबह वह मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मंदिर की गोशाला में पहुंचे और वहां कुछ समय व्यतीत किया. गोशाला में सीएम योगी ने भ्रमण किया. गोवंश को अपने हाथों से गुड़ खिलाया.