लखनऊ: पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की से बहुत हल्की बारिश हुई. वहीं कुछ जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा भी चली. वहीं ज्यादातर जिलों में आसमान साफ रहा, तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में 2 से लेकर 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की जाएगी. पश्चिमी विक्षोभ के चलते कुछ जिलों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है.
16 जिलों में बारिश की चेतावनी
यूपी के इन जिलों में बारिश की चेतावनी सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा.
लखनऊ का तापमान 35 डिग्री
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार रविवार को लखनऊ में आसमान साफ रहेगा, तेज धूप खिलेगी. अधिकतम तापमान 35 व न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं
राजधानी में मंगलवार को बादलों की आवाजाही जारी रही. कुछ जगहों पर 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चली. दिन में आसमान साफ रहा, धूप खिली. अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो की सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है.
झांसी रहा सबसे गर्म जिला उत्तर प्रदेश का झांसी शनिवार को सबसे गर्म जिला रहा. जहां पर अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो की सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 15. 8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य है.
सोमवार से बढ़ेगी बारिश की रफ्तार
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आइसोलेटेड स्थान पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा. बारिश के साथ-साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से धूल भरी हवा चलने के साथ ही बिजली गिरने की भी आशंका है. सोमवार से बारिश वाले क्षेत्रों में इजाफा होगा.