लखनऊ एयरपोर्ट पर ‘उड़ान यात्री कैफे’ शुरू, 10 रुपये में मिलेगा नाश्ता

लखनऊ : राजधानी के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री, राम मोहन नायडू किंजरापु ने ‘उड़ान यात्री कैफे’ का ई-उद्घाटन किया. टर्मिनल-3 के चेक-इन हाल में स्थित इस कैफे में हवाई यात्रियों को बेहद किफायती दरों पर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी. एयरपोर्ट प्रवक्ता की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, कैफे में मात्र 10 रुपये से अल्प आहार व पेय पदार्थ मिलेगा.

जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने कहा कि आज ‘उड़ान यात्री कैफे’ के उद्घाटन के साथ हम यात्रियों के रोज़मर्रा के यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठा रहे हैं. “उड़ान यात्री कैफे” हवाई यात्रा को सभी के लिए आसान, सुलभ और आधुनिक भारत की जरूरतों के अनुरूप बनाने की हमारी सोच को दिखाता है.”

उन्होंने कहा कि “किफायती दामों पर पानी, पेय पदार्थ, नाश्ता और मिठाइयों जैसी जरूरी खाद्यपेय वस्तुएं उपलब्ध कराकर यह पहल यात्रियों की बुनियादी ज़रूरत को पूरा करती हैं. हमें भरोसा है कि उड़ान यात्री कैफे हर यात्री को सुविधा और किफ़ायत देगा.”

लखनऊ एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने बताया कि “चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर “उड़ान यात्री कैफे” की शुरुआत यात्री सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. यह पहल यात्रियों के लिए हवाईअड्डे पर उपलब्ध सेवाओं को और अधिक सुलभ व किफायती बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है. उड़ान यात्री कैफे की शुरुआत के साथ, यात्री अब कम कीमतों पर उच्च गुणवत्ता वाले अल्प आहार का आनंद ले सकते हैं जो उड़ान को और अधिक किफायती बनाने के सरकार के मिशन के अनुरूप हैं.”