लखनऊ: आईपीएल 2026 के मैचों के लिए इकाना स्टेडियम को 3 सुपर जोन और 25 सेक्टरों में बांटा गया है. सुरक्षा के लिए एटीएस, आरएएफ और पीएसी के साथ हजारों पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए विशेष रूट प्लान और पार्किंग जोन बनाए गए हैं.
सुरक्षा घेरा, DCP से लेकर महिला पुलिस तक मुस्तैद: संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि मैच की सुरक्षा व्यवस्था को 03 सुपर जोनल, 06 जोनल और 16 सेक्टरों में विभाजित किया गया है. सुरक्षा की कमान 3 डीसीपी , 6 एडीसीपी और 16 एसीपी के हाथों में होगी. स्टेडियम के भीतर और बाहर 35 निरीक्षक, 254 उप-निरीक्षक और 465 मुख्य आरक्षी/आरक्षी तैनात रहेंगे.
महिलाओं की सुरक्षा के लिए पिंक फोर्स रहेगी तैनात: महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए 130 महिला पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है, जो छेड़खानी जैसी घटनाओं पर नजर रखेंगी. PAC की 5 कंपनियां और 2 बटालियन, आरएएफ की 1 कंपनी, ATS की एक टीम, और बम निरोधक दस्ते की 3 टीमें तैनात की गई हैं.
ट्रैफिक मैनेजमेंट, जाम से मिलेगी मुक्ति: हजारों दर्शकों के आने-जाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने भी चाक-चौबंद व्यवस्था की है. इस दौरान 2 डीसीपी, 3 एडीसीपी और 9 एसीपी के नेतृत्व में लगभग 690 ट्रैफिक पुलिसकर्मी और 108 होमगार्ड यातायात संभालेंगे.
लखनऊ में रूट डायवर्जन: संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि मैच के दौरान इकाना की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा. पार्किंग स्थलों का पूर्व निर्धारण कर दिया गया है, ताकि सड़कों पर जाम न लगे. पूरे क्षेत्र की ड्रोन और सीसीटीवी के जरिए 24×7 रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी.
दर्शकों के लिए गाइडलाइंस: लखनऊ पुलिस ने क्रिकेट फैंस से अपील की है कि प्रवेश/निकास केवल अपने टिकट पर निर्धारित गेट नंबर और आवंटित पार्किंग का ही उपयोग करें. स्टेडियम में प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर और शारीरिक तलाशी में सहयोग करें. किसी भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस बूथ पर दें.