वाराणसी : टेंडर प्रक्रिया के दौरान लापरवाही व नियमों के उल्लंघन को नगर निगम ने गंभीरता से लिया है. जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर सामान्य अभियन्त्रण विभाग ने ऐसी 29 फर्मों और संस्थाओं को तत्काल प्रभाव से ब्लैकलिस्ट (काली सूची) में डाल दिया है, जिन्होंने धरोहर राशि (ईएमडी) और टेंडर फीस जमा किए बिना ही निविदा में प्रतिभाग किया था.
नगर निगम की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, निगम की ओर से आमंत्रित निविदाओं में संबंधित फर्मों के लिए ईएमडी की धनराशि और टेंडर फीस जमा करना अनिवार्य था. इसके बावजूद कई ठेकेदारों और संस्थाओं ने इन वित्तीय औपचारिकताओं को पूरा किए बिना ही निविदा में हिस्सा ले लिया.
आंतरिक जांच में इसकी पुष्टि होने के बाद, निगम ने इसे सरकारी प्रक्रिया में बाधा डालने और नियमों की खुली अवहेलना माना है. सख्त रुख अपनाते हुए प्रशासन ने इन फर्मों को काली सूची में डाल दिया है. नगर आयुक्त की इस बड़ी कार्रवाई से उन ठेकेदारों में हड़कंप मचा हुआ है जो अब तक टेंडर प्रक्रिया को हल्के में ले रहे थे. सामान्य इंजीनियरिंग विभाग का कहना है कि भविष्य में भी पारदर्शिता से समझौता करने वाली फर्मों पर इसी तरह की कठोर कार्रवाई की जाएगी.
वाराणसी नगर निगम के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि नियम महत्वपूर्ण है और इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मामले की गंभीरता को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है, आगे भी इसे जारी रखा जाएगा.