मेरठ : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षा 2026 को लेकर बड़ा ऐलान किया है. बोर्ड ने इंटरमीडिएट के जिन छात्रों की प्रैक्टिकल परीक्षा छूट गई थी, उन्हें एक अवसर दिया है. यह प्रैक्टिकल परीक्षा 9 और 10 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी.
मेरठ मंडल के माध्यमिक शिक्षा परिषद के सहायक शिक्षा निदेशक ओमकार शुक्ला ने बताया कि सभी जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को इस बारे में जानकारी दे दी गई है. जिला विद्यालय निरीक्षकों की तरफ से सभी यूपी बोर्ड के छात्रों के प्रैक्टिकल कराने के लिए तिथि भी घोषित कर दी गई है.
मेरठ के जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज को विशेष केंद्र बनाया गया है. प्रधानाचार्यों को तुरंत छात्रों को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं. यह छात्रों के लिए अंतिम अवसर है. 9 और 10 अप्रैल को छात्र अपनी प्रयोगात्मक विषय की परीक्षा दे सकते हैं.
उन्होंने बताया कि स्कूलों के प्रधानाचार्यों को भी निर्देश दे दिए गए हैं कि यदि किसी छात्र की प्रयोगात्मक परीक्षा नहीं हो पाती है तो संबंधित प्रधानाचार्य और परीक्षार्थी दोनों पूर्ण रूप से उत्तरदायी होंगे. इन छात्रों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं गुरुवार एवं शुक्रवार को आयोजित की जाएंगी.
उन्होंने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद के मेरठ में क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा प्रयोगात्मक परीक्षा कराने के लिए अध्यापकों को चिन्हित करके परीक्षक भी नियुक्त किये गए हैं. यह प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी की सख्त निगरानी में होगी. जिन विद्यालयों के सभी परीक्षार्थी छूट गए हैं, उनकी परीक्षा को संबंधित विद्यालय में ही कराया जाएगा.अलग-अलग छूटे छात्र-छात्राओं की परीक्षा जनपद मुख्यालय पर निर्धारित केंद्रों पर ली जाएगी.
राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य उपेंद्र सिंह ने बताया कि विद्यालय को विशेष केंद्र बनाया गया है. प्रधानाचार्यों को तुरंत छात्रों को सूचित करने के निर्देश दे दिए गए हैं. मेरठ में अलग-अलग विद्यालयों के छात्रों की प्रयोगात्मक परीक्षा अगर छूटी हैं तो उन्हें राजकीय इंटर कॉलेज प्रांगण में 9 और 10 अप्रैल को अवसर मिल जाएगा.
बता दें कि यूपी बोर्ड की परीक्षा सम्पन्न होने के बाद 18 मार्च से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन का कार्य चल रहा था. मेरठ मंडल में मूल्यांकन कार्य सम्पन्न हो चुका है. अब उन छात्रों को बड़ी राहत माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से दी गई है, जिनका किसी न किसी वजह से प्रैक्टिकल नहीं हो पाया था.