आगरा में 50 हजार लोगों को मिलेगा सस्ता आवास, सीएम योगी कल करेंगे टाउनशिप का शिलान्यास

आगरा: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर आगरा आएंगे. सीएम योगी बहुप्रतीक्षित 5142 करोड़ की ग्रेटर आगरा की 10 आवासीय टॉउनशिप का शिलान्यास करेंगे. यह 449.65 हेक्टेयर भूमि पर ​प्रस्तावित हैं. यहां पर करीब 50 हजार से अधिक लोगों को सस्ते आवास मिलेंगे.​ इसकी कीमत भी एडीए ने तय कर दी हैं. सीएम योगी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों की समीक्षा करने रविवार को यूपी के पर्यटन और जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह आगरा आए. उन्होंने अधिकारियों संग सर्किट हाउस और कमिश्नरी सभागार में बैठक की. पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि सीएम योगी जी आगरा की जनता को ग्रेटर आगरा की सौगात देंगे. जो शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी.

कहां विकसित हुई है ये टाउनशिप: बता दें कि आगरा में यमुना एक्सप्रेस वे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस के पास रायपुर-रहनकलां टोल प्लाजा के पास प्रस्तावित ग्रेटर आगरा टॉउनशिप है. आगरा विकास प्राधिकरण शहर में अटलपुरम के बाद दूसरी टॉउनशिप ग्रेटर आगरा लेकर आ रहा है. जिसे सीएम योगी लान्च करेंगे. सीएम योगी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रभारी मंत्री व पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह आगरा आए. उन्होंने रविवार को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ इनर रिंग रोड, एक्सप्रेसवे के नजदीक रायपुर-रहनकलां स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया. सीएम योगी के कार्यक्रम के चलते इनर रिंग रोड से गढ़ी संपत तक पीडब्ल्यूडी विभाग नई सड़क का बनवा रहा है. जो कई वर्षों से जर्जर थी. जिससे जनता परेशान थी.

सीएम करेंगे ग्रेटर आगरा का शिलान्यास: बता दें कि सीएम योगी का हेलीकॉप्टर मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर उतरेगा. दोपहर 2:45 बजे सीएम योगी ग्रेटर आगरा का शिलान्यास और भूमि पूजन करेंगे. इसके बाद करोड़ों की अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करने के बाद सीएम योगी जनसभा को संबोधित करेंगे. पूरे कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पर्यटन मंत्री रविवार को आगरा अए. उन्होंने अपने निरीक्षण में मंच व्यवस्था, हेलीपैड, पार्किंग, पत्रकार दीर्घा समेत सुरक्षा के तमाम मानकों की जानकारी ली. इसके साथ ही कार्यक्रम के लिए बनाए गए नोडल अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए. इसके साथ ही बैठक में मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी और एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. कितनी कीमत होगी: ग्रेटर आगरा टॉउनशिप 449.65 हेक्टेयर भूमि पर करीब 5142 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रही है. एडीए का दावा है कि टॉउनशिप में विश्वस्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर, चौड़ी सड़कों और अत्याधुनिक अन्य सुविधाएं नागरिकों को मिलेंगी. नई ग्रेटर आगरा टाउनशिप में प्लॉट की दरें तय की हैं. एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली ने बताया कि ग्रेटर आगरा में न्यूनतम 33 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर का रेट आवासीय योजना के लिए निर्धारित किया है. इसके साथ ही व्यावसायिक श्रेणी के लिए करीब 66 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर की कीमत तय की है. इसके साथ ही भूतल पर व्यावसायिक और ऊपर के तल पर आवासीय परिसर निर्माण करने के लिए मिश्रित उपयोग वाले प्लॉट भी इसमें रहेंगे. जिनकी करीब 50 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर कीमत रहेगी. इस टॉउनशिप में करीब 50 हजार लोगों को आधुनिक सुख-सुविधाओं से युक्त आवास मिल सकेंगे.