यूपी में इलाज के लिए पैसों की कमी नहीं बनेगी बाधा: गोरखपुर में सीएम योगी का आश्वासन

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश में पैसे की कमी के चलते कोई भी इलाज से महरूम नहीं रहेगा. इस बात का आश्वासन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में जनता दर्शन के दौरान दिया है. साथ ही उन्होंने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग करने पहुंचे लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे उच्चीकृत अस्पताल से इस्टीमेट मंगवा लें, इलाज खर्च में सरकार भरपूर आर्थिक मदद करेगी. सीएम योगी ने इसको लेकर अफसरों को निर्देशित भी किया कि इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से पूरा कराकर शासन को उपलब्ध कराया जाए.

सीएम योगी ने 200 लोगों की सुनी समस्याएं

दरअसल सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी फरियाद सुनी. मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सभागार में लोगों से एक-एक करके समस्याएं सुनीं और उनको आश्वस्त करते हुए उनके प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंप दिये. उन्होंने सभी लोगों को आश्वस्त किया कि हर समस्या का प्रभावी समाधान कराया जाएगा. सिद्धार्थनगर से आई महिला को भी आश्वासन देते हुए योगी ने कहा कि जल्द ही इसका पेंशन स्वीकृत कराकर मामले का निस्तारण हो जाएगा.

पैसे की कमी से कोई बीमार नहीं रहेगा

मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील रवैया अपनाया जाए और उसकी समस्या का समाधान कर उसे संतुष्ट किया जाए. इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह निर्देश भी दिए यदि कोई पात्र व्यक्ति शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित है तो उसे तत्काल योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए. वहीं कैंसर से पीड़ित परिजन के इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंची महिला से मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्चीकृत सरकारी अस्पताल में मरीज को दिखाकर इस्टीमेट मंगवा लीजिए. इलाज में पूरी मदद की जाएगी.

जरूरतमंद की स्कूली फीस की व्यवस्था होगीमुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में आई एक बिटिया के फीस की व्यवस्था करने का आदेश दिया. मुख्यमंत्री जनता दर्शन में वाराणसी से लेकर प्रदेश के अन्य जिलों से भी फरियादी पहुंचे थे. फरियादियों के साथ मासूम बच्चे भी पहुंचे थे जिनको मुख्यमंत्री ने चॉकलेट देकर दुलारा भी.

आलोचना को व्यक्तिगत रंजिश नहीं मनाना चाहिए
वहीं जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे गोरखपुर प्रेस क्लब. जहां आयोजित नवनिर्वाचित कार्यकारिणी शपथ ग्रहण समारोह को उन्होंने संबोधित किया. जिसमें उन्होंने कहा कि पत्रकारिता को स्वयं को बेलगाम नहीं होने देना है, बल्कि पत्रकारिता के मूल्यों व आर्दशों के साथ आगे बढ़ाना है. भारत में 200 वर्ष के पत्रकारिता का मूलभाव राष्ट्र सेवा, समाज सेवा व एक भारत श्रेष्ठ भारत का भाव रहा है. हमें इसी भाव के साथ आगे बढ़ना चाहिए

सीएम योगी ने कहा कि आज मीडिया में एक ऐसा भी वर्ग है जो समाज को गुमराह करके अशांति फैलाने का कार्य करता है. हमें मीडिया के ऐसे रूप से बचने आवश्यकता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सोशल मीडिया तथा प्रिंट मीडिया में एक ही खबर में भिन्नता होती है तो वह जनमानस को विचलित करती है. यह दुविधा की स्थिति खतरनाक होती है. हमें ऐसी स्थिति नहीं हो, ऐसा प्रयास करना चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकार मूल्यों व आर्दशों पर आधारित पत्रकारिता के साथ सदैव खड़ी है.

मृतक के परिजनों को 4-4 लाख की मुआवजा राशि

सीतापुर: यूपी के सीतापुर के ग्राम सरैया चलाकापुर में बीते 4 अप्रैल को हुए भीषण अग्निकांड पर संज्ञान लेते हुए सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए की पीड़ितों को हर संभव मदद पहुंचाई जाए. मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रत्येक मृतक के परिजनों के बैंक खातों में 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भेजने के निर्देश दिए. जिसके बाद क्षेत्रीय विधायक आशा मौर्या ने पीड़ितों को चेक भेंट की. इसके साथ ही प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए भी मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उन्हें आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है.