प्रयागराज: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा यूपी पीसीएस 2024 का फाइनल नतीजे घोषित कर दिए गए हैं. एक बार फिर प्रदेश की बेटियों ने अपना परचम लहराया है. नेहा पंचाल ने टॉप किया है. अनन्या त्रिवेदी दूसरे और अभय प्रताप सिंह तीसरे नंबर पर रहे. इसके अलावे टॉप 10 में भी आधे से अधिक स्थानों पर लड़कियां आगे रही हैं. टॉप टेन में 6 लड़कियां शामिल हैं. फाइनल नतीजे आयोग की आधिकारिक बेवसाइट https://uppsc.up.nic.in पर देख सकते हैं.
यूपी पीसीएस 2024 के टॉप टेन सूची की बात करें तो पहले स्थान पर आई नेहा पांचाल, दूसरे स्थान पर रहीं अनन्या त्रिवेदी. तीसरे स्थान पर रहे अभय प्रताप सिंह तो वहीं चौथे स्थान पर अनामिका मिश्रा रहीं. पांचवें स्थान पर रही नेहा सिंह. छठे स्थान पर रहीं दीप्ति वर्मा. सांतवें स्थान पर पूजा तिवारी रहीं. आठवें स्थान पर अनुराग पांडे रहे. नौवें स्थान पर शुभम सिंह रहे और दसवें स्थान पर आयुष पांडे रहे.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी पीसीएस 2024 से सफल अभ्यार्थियों को बधाई दी है. सीएम योगी ने एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा कि ‘उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित पीसीएस परीक्षा-2024 में सफल सभी अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई. यह सफलता आपके अथक परिश्रम, अटूट लगन और दृढ़ अनुशासन की परिणति है.पूर्ण विश्वास है कि आप सभी अपनी प्रतिभा और निष्ठा के साथ ‘नए उत्तर प्रदेश’ के निर्माण को नई गति प्रदान करेंगे एवं जनसेवा को अपने आचरण का आधार बनाएंगे. इस प्रतिष्ठित परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ संपन्न कराने हेतु उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग का हार्दिक अभिनंदन. सभी सफल अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य हेतु अनंत मंगलकामनाएं’.
कुल 947 पदों के लिए 2719 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू हुआ था. इनमें से 2698 लोग इंटरव्यू देने पहुंचे थे, जबकि 21 अनुपस्थित थे. व्यवस्थाधिकारी के एक और व्यवस्थापक के 14 पद योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण खाली रह गए. पीसीएस 2024 प्री के लिए 5.76 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया था.