UP कांग्रेस अध्यक्ष का CM योगी को पत्र, UPSI भर्ती में पद बढ़ाने की मांग

लखनऊ: UPSI भर्ती-2025 में पद वृद्धि और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के संबंध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ को पत्र लिखा है. UPSI भर्ती 2025-26 में सम्मिलित अभ्यर्थियों ने एक प्रतिवेदन मंगलवार को अजय राय के समक्ष प्रस्तुत किया था.

 

अभ्यर्थियों ने यह भी बताया कि यह भर्ती लगभग 5 वर्ष के अंतराल के बाद आयोजित की जा रही है. इसलिए अभ्यर्थियों की संख्या में अत्यधिक वृद्धि हुई है. लगभग 10.77 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया है.

उन्होंने अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के अनेक पद वर्तमान में रिक्त हैं, जिन्हें इसी भर्ती प्रक्रिया में पद वृद्धि के माध्यम से भरा जा सकता है. साथ ही अभ्यर्थियों ने इस तथ्य की ओर भी ध्यान आकर्षित किया है कि पूर्ववर्ती UPSI भर्ती 2020-21 में कुल 9534 पदों पर नियुक्ति की गई थी, जबकि वर्तमान भर्ती में पदों की संख्या लगभग आधी से भी कम है.

 

यह वर्तमान परिस्थितियों में अपर्याप्त है. अभ्यर्थियों ने अपने प्रतिवेदन के माध्यम से यह भी अपेक्षा व्यक्त की है कि लिखित परीक्षा के परिणाम के साथ ही उनके स्कोरकार्ड/अंकपत्र जारी किए जाएं.

 

अंतिम चयन के बाद अगर पद रिक्त रह जाते हैं तो वेटिंग लिस्ट जारी कर उन्हें भरा जाए, जिससे भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन सके. इन सभी तथ्यों और अभ्यर्थियों की तरफ से प्रस्तुत प्रतिवेदन के जरिए कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि UPSI भर्ती 2025 में पदों की संख्या को राज्य की वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप बढ़ाने पर विचार किया जाए.

 

सभी अभ्यर्थियों के स्कोरकार्ड जारी किए जाएं. अंतिम चयन के बाद वेटिंग लिस्ट जारी कर रिक्त पदों को भरा जाए, जिससे भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, न्यायसंगत और प्रभावी बन सके. यह निर्णय प्रदेश के युवाओं के हितों की रक्षा के साथ-साथ राज्य की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा.