लखनऊ में अनोखा हेरिटेज म्यूजियम, अब करें सैर; जानिए टाइमिंग और टिकट कीमत

लखनऊ : लखनऊ म्यूजियम ऑफ हेरिटेज एंड आर्ट बनकर तैयार हो गया है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को गोमती नगर के विवेक खंड में आयोजित ‘गोमतीनगर जनकल्याण महासमिति वार्षिकोत्सव’ में लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) द्वारा निर्मित म्यूजियम समेत 5827.9 लाख रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण किया.

चौक के हुसैनाबाद में 4,973 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित इस म्यूजियम में अवध की संस्कृति का संगम देखने को मिलेगा. एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि म्यूजियम का निर्माण 4143.22 लाख रुपये की लागत से किया गया है. यह प्रदेश की पहली ऐसी आईकॉनिक बिल्डिंग है, जहां बिना किसी कॉलम या पिलर के सहारे के 45 मीटर लंबा कैंटीलीवर निर्मित किया गया है. म्यूजियम भवन की आकर्षक डिजाइन इस इमारत को एक अलग पहचान देती है.

म्यूजियम में अवध की ऐतिहासिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है. म्यूजियम में विभिन्न तरह की गैलरी विकसित की गयी हैं. जिनके नाम ‘मूल धारा, हुनर का सफर, हस्तशिल्प, सांझी आस्था, गंगा-जमुनी तहजीब, कारीगरी, महफिल-ए-अवध, नृत्यकला, नाट्यशाला, सोच एवं संवाद और जायका-ए-अवध’ हैं.

इन गैलरियों के माध्यम से अवध की संस्कृति को जीवंत रूप में दर्शाने का प्रयास किया गया है. म्यूजियम में वीआर गेमिंग एरीना भी बनाया गया है, जो दर्शकों को इतिहास से जोड़ने का नया अनुभव देगा.

शहर में पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा : शहर में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस म्यूजियम का निर्माण कराया गया है. यह म्यूजियम लखनऊ की समृद्ध विरासत, कला, शिल्प परंपरा को संरक्षित करते हुए नई पीढ़ी से जोड़ने का काम करेगा. उपाध्यक्ष ने बताया कि म्यूजियम सुबह 10ः00 बजे से रात 8ः00 बजे तक खुलेगा. इसमें प्रवेश शुल्क बच्चों के लिए 50 रुपये व व्यस्कों के लिए 100 रुपये निर्धारित किया गया है.

LDA द्वारा एचएएल के सीएसआर फंड से गोमती नगर के विवेक खंड में 539.13 लाख रुपये की लागत से 2358 वर्गमीटर क्षेत्रफल में लक्ष्मण मण्डपम्, गणेशगंज स्थित पुराना आरटीओ परिसर में 562.32 लाख रुपये की लागत से 930 वर्गमीटर क्षेत्रफल में लक्ष्मण मण्डपम् व ऐशबाग के सुदर्शनपुरी में 132.52 लाख रुपये की लागत से 662 वर्गमीटर क्षेत्रफल में सामुदायिक केन्द्र का निर्माण कराया गया है. इन कम्यूनिटी सेंटर में हाॅल, कमरे, कैंटीन, योगा सेंटर, लाईब्रेरी, क्लीनिक, फिजियोथेरेपी, स्टोर रूम आदि की सुविधा है. रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इन तीनों कम्यूनिटी सेंटर का लोकार्पण करके इसे नागरिकों को समर्पित किया.

गोमती नगर में खुला देव वन : एलडीए द्वारा गोमती नगर के विनीत खंड में 382.45 लाख रुपये की लागत से देव वन-नक्षत्र वाटिका विकसित की गयी है. लगभग 8 एकड़ क्षेत्रफल में फैले देव वन में 12 राशि नक्षत्रों के प्रतीक पौधों की बाग लगायी गयी है. यहां लोगों की सुविधा के लिए पाथ-वे, योगा हट व बेंच का प्रावधान किया गया है. इसके अलावा विनीत खंड में 68.26 लाख रुपये की लागत से ई-लाईब्रेरी का निर्माण कार्य कराया गया है. रक्षा मंत्री ने इनका भी शुभारंभ किया.