यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, देवरिया के SP हटाए गए; IPS प्राची सिंह अंबेडकरनगर की नई कप्तान

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शासन ने दो जिलों के पुलिस कप्तानों की जिम्मेदारी में बदलाव किया है. पुलिस महानिदेशक कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इन तबादलों को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं.

​देवरिया के एसपी संजीव सुमन को जिले से हटाकर लखनऊ स्थित डीजीपी मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है. उनकी जगह पर अभिजीत आर. शंकर को देवरिया का नया पुलिस कप्तान बनाया गया है. अभिजीत इससे पहले अंबेडकरनगर की कमान संभाल रहे थे.

प्राची सिंह को अंबेडकरनगर की कमान : ​लखनऊ में 32वीं वाहिनी पीएसी में सेनानायक के पद पर तैनात प्राची सिंह को अब फील्ड में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है. उन्हें अंबेडकरनगर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है.

रूटीन फेरबदल या समीक्षा का नतीजा : ​शासन की ओर से इन तबादलों को प्रशासनिक फेरबदल और रूटीन प्रक्रिया बताया गया है. हालांकि, गौर करने वाली बात यह है कि मार्च के महीने में भी 13 जिलों के कप्तान बदले गए थे और महज एक सप्ताह पहले 12 एएसपी रैंक के अधिकारियों का तबादला हुआ था. जिलों में पुलिसिंग की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया है और आने वाले दिनों में कुछ अन्य जिलों के एसएसपी व एसपी भी बदले जा सकते हैं.