सीएम योगी का बयान, औद्योगिक अशांति फैलाने वालों से सतर्क रहें, हर श्रमिक को मिलेगा संरक्षण

मुजफ्फरनगर:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महापुरुषों को जातियों के तंग दायरे में नहीं बांधना चाहिए। हम जब बंटे थे, तभी कटे थे। औद्योगिक अशांति पैदा करने वालों से सावधान रहना होगा। 2017 से पहले उद्योगों पर ताले लटकते थे लेकिन अब निवेश बढ़ रहा है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को अधिकार दिलाएगा। सेना के मुद्दे पर राजनीति नहीं होना चाहिए।

मेरठ रोड स्थित नुमाइश मैदान में आयोजित वृहद रोजगार मेले और जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि महापुरुषों ने कभी जाति के लिए काम नहीं किया। भारत रत्न चौधरी चरण सिंह ने देश के किसानों की आवाज को सरकारों के एजेंडे का हिस्सा बनवाया।

पश्चिम एशिया संकट मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण 145 करोड़ का भारत सुरक्षित है। खाड़ी देशों के अलावा यूरोप में भी शांति नहीं है।

पाकिस्तान में खाने के लिए लोग मोहताज हो रहे हैं और उसको तो भूखों ही मरना है। पाकिस्तान की नियति ही मरना है। दुनिया के देशों में महंगाई चरम पर है लेकिन भारत में पेट्रोलियम पदार्थों का दाम नियंत्रण में है।
श्रमिकों से संवाद करें उद्यमी : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि औद्योगिक अशांति पैदा करने वालों से सावधान रहना होगा। उद्यमियों से कहा कि श्रमिकों से संवाद करें।
सरकार श्रमिकों के साथ है। उद्योग को सुरक्षा देंगे और हर श्रमिक को संरक्षण दिया जाएगा। पिछले साल ही कॉर्पोरेशन गठित किया गया है, इसी महीने सिफारिश लागू होगी।
सफाई कर्मचारी या आउटसोर्स में काम करने वाले कर्मियों को न्यूनतम मानदेय की गारंटी होगी। केवल सरकारी भवनों पर नहीं, अगले कदम के तौर पर हर औद्योगिक संस्थान को भी जोड़ना चाहते हैं।

उद्योग जगत और सरकार मिलकर हर श्रमिक के स्वास्थ्य की सुविधा के लिए काम करेंगी। औद्योगिक विकास के आयुक्त को निर्देश दिए गए हैं कि कार्यक्रमों को आगे बढ़ाएं।