मुजफ्फरनगर:मुजफ्फरनगर के नुमाइश मैदान में आयोजित वृहद रोजगार मेले का उद्घाटन करने के बाद जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है। प्रदेश में बहनों की सुरक्षा की गारंटी दी जाएगी। माफिया की सही जगह जमीन के नीचे है, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसान को उपज का सही दाम मिले, यह सरकार की गारंटी है। ओलावृष्टि और अतिवृष्टि से पश्चिम और मध्य यूपी में किसानों को नुकसान हुआ है। प्रधानमंत्री किसान बीमा के साथ आपदा राहत से अतिरिक्त सहायता दिलाई जाएगी। पुलिस में 20 प्रतिशत महिला आरक्षियों की भर्ती का प्रावधान किया गया है। अब बेटियों को देख शोहदे मैदान छोड़कर भाग रहे हैं। माफिया की जगह अब मिट्टी में है। बेटी की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले के लिए धरती माता के पास जगह नहीं होगी।