यूपी के 8 जिलों में गरज-चमक संग बारिश, 60 जिलों में आज RAIN ALERT

लखनऊ: अप्रैल माह में बारिश न होने की वजह से भीषण गर्मी से लोग बेहाल थे. वहीं काफी दिनों से लोगों को रात की बारिश का इंतजार था जो कि बुधवार से प्रदेश में शुरू हो सकती है. 27 अप्रैल को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण 28 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश हुई.

कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा भी चली. पश्चिमी विक्षोभ का असर आज से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भी फैलेगा, जिसकी वजह से पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी आज गरज चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा चलने और बिजली गिरने की चेतावनी मौसम विज्ञान विभाग ने जारी की है.

इन जिलों में हुई बारिश: उत्तर प्रदेश के झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, फिरोजाबाद, अलीगढ़, औरैया, महोबा, मथुरा में मंगलवार को गरज चमक के साथ बारिश हुई.

अलीगढ़ में रिमझिम बारिश, भीषण गर्मी से राहत: बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली है. भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली. सुबह से ही आसमान में काले घने बादल छाए रहे और रिमझिम फुहारों के साथ हल्की बारिश का दौर शुरू हो गया है. इसके साथ ही चल रही ठंडी और तेज हवाओं ने मौसम को पूरी तरह सुहावना बना दिया.

झोंकेदार हवा की संभावना इन जिलों में अधिक: बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर और आस पास के क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है.

इन जिलों में बादल गरजने-बिजली गिरने की चेतावनी: बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और आस पास के क्षेत्र अलर्ट जारी किया गया है.

लखनऊ में रेन अलर्ट: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पहाड़ों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर लखनऊ के मौसम पर भी पड़ेगा. बुधवार को कुछ इलाकों में बादलों की आवा जाही रहेगी. कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज रफ्तार हवा चलने के साथ ही बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है. अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

बांदा फिर सबसे गर्म जिला: मंगलवार को भी उत्तर प्रदेश का बांदा सबसे अधिक गर्म जिला रहा. अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस कम है.

क्या बोले मौसम विज्ञानी: मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में परिवर्तन हुआ है. जिसके कारण उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाकों से बढ़कर पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज से कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. बारिश का सिलसिला आगामी 2 दिनों तक जारी रहेगा, जिससे अधिकतम न्यूनतम तापमान में प्रभावी कमी आएगी.