जनता दर्शन में CM योगी एक्शन में, 200 लोगों की समस्याएं सुनीं, आयुष्मान कार्ड पर खास जोर

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं. जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों से उन्होंने आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा और आश्वस्त किया कि सरकार इलाज कराने में भरपूर मदद करेगी. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर जरूरतमंद, पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए ताकि उन्हें इलाज के लिए परेशान न होना पड़े.

जनता के साथ खड़ी है सरकार
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर बुधवार सुबह को आयोजित जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी करीब 200 लोगों से मिले. उनकी समस्याएं सुनीं. उनके प्रार्थना पत्र का अवलोकन कर समस्या, शिकायत का संज्ञान लिया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि वे परेशान न हों, सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है. उन्होंने अलग-अलग मामलों के समाधान के लिए संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए.

 

हर जरूरतमंद का बनवाएं आयुष्मान कार्ड
जनता दर्शन में हर बार की तरह बुधवार को भी कई लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे. मुख्यमंत्री ने उनसे आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा, साथ ही भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा. उन्होंने कहा कि अस्पताल का इस्टीमेट मिलते ही विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी जाएगी. जनता दर्शन में योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि जनता की हर पीड़ा का निवारण सुनिश्चित किया जाए. इसमें किसी भी तरह की शिथिलता नहीं होनी चाहिए.

सीएम योगी ने जनता दर्शन में महिलाओं के साथ आए उनके बच्चों को प्यार और आशीर्वाद के साथ चॉकलेट दिया. इस दौरान उन्होंने एक महिला के साथ आए उसके दो बच्चों से हंसी-ठिठोली भी की और उन्हें स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया.