लखनऊ: प्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी जारी है. साथ ही अब नौतपा की भी एंट्री सोमवार से यूपी में हो गई है. अब भीषण गर्मी का सिलसिला 9 दिनों तक जारी रहेगा. 2 जून के बाद से लोगों को नौतपा समाप्त होगा.
बता दें, दिन के समय 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से चल रही गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया है. 3 दिन बाद मौसम में परिवर्तन होने की संभावना है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में आज गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. जिससे उन क्षेत्रों में लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिल सकती है. बाकी जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा.
राते गर्म होने की चेतावनी इन जिलों में अधिक: फतेहपुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या और आस पास के क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है.
बादल गरजने/बिजली गिरने का अलर्ट इन जिलों में: आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, अंबेडकरनगर और आस पास के क्षेत्र में चेतावनी जारी की गई है.
ऐसा रहेगा लखनऊ का वेदर: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार को लखनऊ में आसमान साफ रहेगा. अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. इस दौरान रात में अत्यधिक गर्मी पड़ने का अलर्ट भी जारी किया गया है.
बांदा सबसे गर्म जिला: रविवार को उत्तर प्रदेश का बांदा सबसे अधिक गर्म जिला रहा. यहां पर अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि सोमवार को उत्तर प्रदेश के पश्चिमी भाग में मौसम ड्राई रहेगा. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 20 से लेकर 35 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है. वहीं कुछ एरिया में गरज चमक के साथ बारिश होने की भी संभावना है. आगामी 3 दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा. इसके बाद फिर से मौसम में बदलाव होगा, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश शुरू होगी जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी.