यूपी में हर वीकेंड होगी ‘सुगम दर्शन’ यात्रा, वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा तीर्थ दर्शन का अवसर

लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने ‘विजिट माय स्टेट’ अभियान के माध्यम से श्रद्धालुओं को रामनगरी अयोध्या की दिव्य आस्था और नैमिषारण्य की सनातन आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने का अभियान तेज किया है. उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने ‘सुगम दर्शन’ सहित पांच वीकेंड धार्मिक टूर पैकेज को रेग्यूलर कर दिया है. अब श्रद्धालु लखनऊ से अयोध्या और नैमिषारण्य के साथ-साथ प्रयागराज-अयोध्या, प्रयागराज-चित्रकूट और प्रयागराज-विंध्याचल धाम की यात्रा नियमित रूप से कर सकेंगे. इन सेवाओं का लाभ इस वीकेंड से मिलना प्रारंभ हो जाएगा.

समूह बुकिंग पर विशेष छूट : यूपीएसटीडीसी प्रदेश में ‘विजिट माय स्टेट’ अभियान को बढ़ावा देते हुए यात्रियों के लिए बुकिंग प्रक्रिया को और आसान बनाया है. श्रद्धालु और पर्यटक अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से यात्रा की बुकिंग करा सकते हैं. विशेष टूर पैकेज की बुकिंग यूपीएसटीडीसी की आधिकारिक वेबसाइट upstdc.co.in के माध्यम से की जा सकती है. सभी यात्रा पैकेज में समूह बुकिंग पर विशेष छूट दी जाएगी.

‘सुगम दर्शन’ सेवा को नियमित किया गया : उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘यूपीएसटीडीसी श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर आकर्षक टूर पैकेज संचालित करता है. उन्होंने बताया कि विजिट माय स्टेट को बढ़ावा देते हुए ‘सुगम दर्शन’ सेवा को व्यापक जनसमर्थन के बाद नियमित कर दिया गया है.’

लखनऊ से नैमिषारण्य धाम के लिए संचालित एक दिवसीय यात्रा को भी नियमित किया गया है. उन्होंने बताया कि कुंभ नगरी प्रयागराज से राम नगरी अयोध्या, चित्रकूट धाम और विंध्याचल के लिए एक दिवसीय वीकेंड टूर पैकेज को भी नियमित किया गया है. उन्होंने कहा कि अगर किसी यात्रा में सिर्फ दो श्रद्धालु ही बुकिंग कराते हैं, तब भी यात्रा संचालित की जाएगी.

सुबह 7:30 बजे से होगी यात्रा की शुरुआत : लखनऊ से अयोध्या के लिए अब हर शनिवार और रविवार को संचालित होने वाली इस एकदिवसीय ‘सुगम दर्शन’ यात्रा की शुरुआत सुबह 7:30 बजे राजधानी स्थित होटल गोमती से होगी. इसके बाद वाहन 1090 चौराहे (7:45 बजे) और पॉलिटेक्निक चौराहे (आठ बजे) से श्रद्धालुओं को लेकर लगभग 10:30 बजे अयोध्या पहुंचेगा.

हनुमानगढ़ी, श्रीराम जन्मभूमि और कनक भवन के दर्शन : दिनभर के भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं को हनुमानगढ़ी, श्रीराम जन्मभूमि और कनक भवन के पावन दर्शन कराए जाएंगे. दोपहर में सरयू गेस्ट हाउस में भोजन की व्यवस्था के बाद सरयू रिवर फ्रंट, राम की पैड़ी और नागेश्वरनाथ मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा. शाम पांच बजे यात्रियों की लखनऊ वापसी होगी.

टेंपो ट्रैवलर के माध्यम से संचालित इस किफायती पैकेज का शुल्क वरिष्ठ नागरिकों के लिए 1,500 रुपये और अन्य यात्रियों के लिए 2,000 रुपये निर्धारित किया गया है. यात्रा को सुविधाजनक और आरामदायक बनाने के लिए स्थानीय गाइड, पेयजल और दोपहर के भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है.

लखनऊ-नैमिषारण्य एक दिवसीय यात्रा प्रत्येक शुक्रवार लखनऊ के होटल से सुबह 07:30 बजे शुरू होगी, जो 10 बजे गंतव्य तक पहुंचेगी. बाद में यात्रियों को चक्रतीर्थ, व्यास गद्दी और दधीचि कुंड के दर्शन करवाए जाएंगे. लंच के बाद श्रद्धालुओं को ललिता देवी मंदिर, बालाजी मंदिर, हवन कुंड और हनुमान गढ़ी मंदिर के भ्रमण कराए जाएंगे.

शाम 05:30 बजे लखनऊ के लिए टेंपो ट्रैवलर रवाना होगी, जो करीब आठ बजे लखनऊ पहुंचेगी. यह टेंपो ट्रैवलर भी यात्रियों की सुविधानुसार होटल से सुबह 7:30 बजे, 1090 चौराहे से सुबह 7:45 बजे और पॉलिटेक्निक चौराहे से सुबह आठ बजे रवाना होगा. लखनऊ-नैमिषारण्य यात्रा पैकेज अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए यात्रा शुल्क 1,000 रुपये और अन्य यात्रियों के लिए 1,700 रुपये निर्धारित किया गया है.

प्रयागराज-चित्रकूट एक दिवसीय यात्रा हर शनिवार सुबह सात बजे प्रयागराज से शुरू होकर लगभग 10 बजे चित्रकूट पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम की तपोभूमि से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे. यात्रा के दौरान गुप्त गोदावरी, माता अनसूया आश्रम, स्फटिक शिला और राम दरबार के साथ-साथ कामतानाथ मंदिर और हनुमान धारा के दर्शन का अवसर मिलेगा.

दोपहर में भोजन (स्व-वित्तपोषित आधार पर) की व्यवस्था रहेगी. इसके बाद शाम पांच बजे वापसी यात्रा प्रारंभ होगी. रात आठ बजे प्रयागराज पहुंचकर यात्रा का समापन होगा. आरामदायक अर्बेनिया ट्रैवलर से संचालित इस पैकेज का शुल्क मात्र 1000 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है.

यूपीएसटीडीसी की तरफ से श्रद्धालुओं के लिए प्रयागराज से विंध्याचल तक विशेष एक दिवसीय धार्मिक पर्यटन पैकेज संचालित किया जा रहा है. यह यात्रा हर शुक्रवार सुबह सात बजे प्रयागराज से शुरू होकर लगभग 10 बजे विंध्याचल पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं को मां विंध्यवासिनी देवी के दिव्य दर्शन का अवसर प्राप्त होगा.

भोजन के बाद श्रद्धालुओं को अष्टभुजा मंदिर और काली खोह जैसे प्रमुख शक्तिपीठों के दर्शन कराए जाएंगे. शाम पांच बजे वापसी यात्रा शुरू होगी और रात आठ बजे प्रयागराज पहुंचकर यात्रा का समापन होगा. आरामदायक अर्बेनिया ट्रैवलर से संचालित इस पैकेज का शुल्क मात्र 600 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है.

उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम की तरफ से श्रद्धालुओं के लिए प्रयागराज से अयोध्या तक एक दिवसीय विशेष धार्मिक यात्रा भी संचालित की जा रही है. यह यात्रा हर रविवार सुबह सात बजे प्रयागराज से शुरू होकर 10 बजे अयोध्या पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु राम की पैड़ी में पवित्र स्नान, हनुमानगढ़ी और श्रीराम मंदिर के दर्शन कर सकेंगे.

दोपहर में भोजन के बाद कनक भवन के दर्शन कराए जाएंगे. शाम पांच बजे वापसी यात्रा प्रारंभ होगी और रात आठ बजे प्रयागराज पहुंचकर यात्रा का समापन होगा. आरामदायक अर्बेनिया ट्रैवलर से संचालित इस पैकेज का शुल्क सिर्फ 1000 रुपये प्रति व्यक्ति है. ग्रुप बुकिंग पर विशेष छूट भी उपलब्ध है.