कृषि यंत्रों पर सब्सिडी का मौका, यूपी में आज से शुरू हुई ऑनलाइन बुकिंग

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कृषि विभाग ने किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन बुकिंग की तिथि घोषित कर दी है. विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार कृषि यंत्रों की ऑनलाइन बुकिंग 16 जुलाई 2026 को दोपहर 12:00 बजे से शुरू होकर 10 अगस्त 2026 की रात 12:00 बजे तक की जाएगी.

कृषि विभाग के अनुसार बुकिंग कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल www.agriculture.up.gov.in पर ऑनलाइन माध्यम से विकासखंडवार की जाएगी. किसान पोर्टल पर किसान कॉर्नर में उपलब्ध यंत्र बुकिंग प्रारंभ लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे.

इन योजनाओं के तहत मिलेगा लाभ

  • विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा, जिनमें प्रमुख रूप से सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (SMAM) के अंतर्गत कस्टम हायरिंग सेंटर (परियोजना लागत ₹10 लाख), मिनी कस्टम हायरिंग सेंटर (₹10 लाख) तथा विभिन्न कृषि यंत्र.
  • फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़े कृषि यंत्र, कस्टम हायरिंग सेंटर (परियोजना लागत ₹30 लाख) एवं एफपीओ (परियोजना लागत ₹100 लाख).
  • त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के अंतर्गत बेड प्लांटर, पॉपिंग मशीन एवं मक्का शेलर.
  • राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत मिलेट थ्रेशर.
  • वित्तीय पारिस्थितिकी संसाधनों द्वारा कीट रोग नियंत्रण योजना के अंतर्गत मानव चालित, पावर चालित तथा बैटरी चालित स्प्रेयर.
  • फसल विविधीकरण कार्यक्रम (C.D.P.) के अंतर्गत कृषि यंत्र.
  • दलहन मिशन योजना के तहत दाल मिल.

इसके अतिरिक्त एफपीओ (परियोजना लागत ₹100 लाख) एवं शुगरकेन हार्वेस्टर ट्रैक माउंटेड की बुकिंग एवं आवेदन भी विभागीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किए जाएंगे.

शासनादेश के अनुसार होगी प्रक्रिया
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि कृषि यंत्रों की बुकिंग एवं अनुदान की प्रक्रिया शासनादेश संख्या 36/2026/676/1918166/12-2099/119/2025 दिनांक 04 जून 2026 के अनुसार संचालित की जाएगी। योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध हैं.

किसानों से अपील
कृषि विभाग ने किसानों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है. किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए किसान अपने जनपद के उप कृषि निदेशक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं.

ऑनलाइन बुकिंग प्रारंभ: 16 जुलाई 2026, दोपहर 12:00 बजे,ऑनलाइन बुकिंग की अंतिम तिथि: 10 अगस्त 2026, रात्रि 12:00 बजे ,आवेदन पोर्टल: www.agriculture.up.gov.in