गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में आए लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार सबकी समस्या का समाधान कराने को प्रतिबद्ध है. गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता का अनुरोध लेकर आए लोगों को उन्होंने आश्वस्त किया कि गंभीर बीमारियों के इलाज में सरकार भरपूर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी.
200 लोगों की सुनीं फरियादें: गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को देते हुए शीघ्रता से समस्या समाधान के लिए निर्देशित किया.
राजस्व और पुलिस के मामले पर फोकस: सीएम योगी ने राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए. उन्होंने पारिवारिक विवाद के समाधान के लिए पहले संवाद और फिर विधिक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया.