अलीगढ़-मेरठ में झमाझम बारिश, यूपी के 50 से ज्यादा जिलों में आज बारिश का अलर्ट

लखनऊ/अलीगढ़/मेरठ: उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी संभागों में पिछले 24 घंटे में मानसून की सक्रियता कम रही. जिसकी वजह से पूर्वी-पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई, वहीं कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा के तेज रफ्तार से हवा भी चली. वहीं शुक्रवार को अलीगढ़ और मेरठ में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया.

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 26 जुलाई से फिर से मौसम तंत्र सक्रिय होगा और प्रदेश में एक बार फिर से तेज रफ्तार बारिश का सिलसिला शुरू होगा. 27 जुलाई से 30 जुलाई तक प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है. फिलहाल मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर प्रदेश के पूर्वी संभागों में भारी बारिश के लिए कोई अलर्ट नहीं जारी किया है. वहीं 50 से अधिक जिलों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है.

गुरुवार सुबह 8 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में सबसे अधिक बारिश 27 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई, इसके अलावा लखनऊ में 7 मिली मीटर, हमीरपुर में 18 मिलीमीटर, आजमगढ़, सुल्तानपुर, अमेठी, वाराणसी, प्रयागराज सहित कुछ अन्य जिलों में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई.

19% कम हुई बारिश: उत्तर प्रदेश में 1 जून से 23 जुलाई तक अनुमानित बारिश 289.5 मिलीमीटर के सापेक्ष 233.5 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 19% कम है.

लखनऊ में बारिश की चेतावनी: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शुक्रवार को लखनऊ में बादलों की आवाजाही रहेगी. कुछ स्थानों पर हल्की रिमझिम बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

भारी पेड़ गिरने से 2 युवक घायल: तेज रफ्तार हवाओं के चलने से लखनऊ के बंथरा इलाके में एक पुराना बड़ा पेड़ भरभरा कर गिर पड़ा. जिसकी चपेट में आए 2 लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है

फर्रुखाबाद सबसे गर्म जिला: गुरुवार को फर्रुखाबाद उत्तर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान हरदोई जिले में 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है.

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं होने के कारण मानसूनी सक्रियता का दौर पश्चिम-मध्य भारत की ओर स्थानांतरित होने से उत्तर प्रदेश में आगामी 25 जुलाई तक मानसूनी सक्रियता सीमित रहने के परिप्रेक्ष्य में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के बावजूद प्रदेश के लिए कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है. तदुपरांत मानसूनी द्रोणी के पुनः उत्तरी दिशा में खिसकने से 26 जुलाई से फिर से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों में बढ़ोत्तरी और 27 जुलाई से भारी बारिश की सम्भावना है.

झमाझम बारिश से बदला अलीगढ़ का मौसम: शुक्रवार सुबह हुई तेज बारिश ने अलीगढ़ के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया. पिछले 2 दिनों से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को आखिरकार राहत मिली. सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कुछ देर तक हुई तेज बारिश ने शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी मौसम को सुहावना बना दिया. बारिश के बाद चली ठंडी हवाओं से वातावरण में ताजगी घुल गई और लोगों ने राहत की सांस ली.

मेरठ में बूदांबादी: जिले में शुक्रवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं, छिटपुट बारिश हो रही. मौसम वैज्ञानिक नरेंद्र सिंह का कहना है कि तेज गरज चमक के साथ कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है.

.