कांवड़ यात्रा के चलते इन मार्गों पर वाहनों की एंट्री बंद, जानिए तारीख और डायवर्जन रूट

फिरोजाबाद: श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए फिरोजाबाद पुलिस ने जिले में विशेष यातायात डायवर्जन योजना लागू की है. कांवड़ियों की बढ़ती संख्या और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार शाम से सोमवार शाम तक 4 चरणों में विभिन्न मार्गों पर वाहनों का संचालन बदला जाएगा. निर्धारित अवधि के अलावा अन्य दिनों में यातायात सामान्य रूप से संचालित होगा.

4 चरणों में रहेगा डायवर्जन: पुलिस मीडिया सेल से मिली जानकारी के अनुसार जिन तिथियों पर डायवर्जन प्रभावी रहेगा.

पहला चरण: 31 जुलाई, शुक्रवार सायं 6:00 बजे से 3 अगस्त, सोमवार सायं 6:00 बजे तक.

दूसरा चरण: 7 अगस्त, शुक्रवार सायं 6:00 बजे से 10 अगस्त, सोमवार सायं 6:00 बजे तक.

तीसरा चरण: 14 अगस्त, शुक्रवार सायं 6:00 बजे से 17 अगस्त, सोमवार सायं 6:00 बजे तक.

चौथा चरण: 21 अगस्त, शुक्रवार सायं 6:00 बजे से 24 अगस्त, सोमवार सायं 6:00 बजे तक शामिल है.

इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन-

  1. शिकोहाबाद-एटा-जसराना मार्गएनएच-19 से एटा चौराहा होकर जसराना जाने वाले वाहनों को प्रतापपुरा कट और नौहशेरा कट से डायवर्ट कर मैनपुरी चौराहा, अरांव, घिरोर और कुरावली होते हुए एनएच-34 के रास्ते एटा भेजा जाएगा. एटा से जसराना और शिकोहाबाद आने वाले हल्के एवं भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा तथा उनका डायवर्जन एटा जिले से ही किया जाएगा.
  2. सहजलपुर कट और सुभाष तिराहा से आने वाले वाहनों को कठफोरी कट (आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे) और उखरेण्ड कट, भदान रोड और नगला खंगर मार्ग से भेजा जाएगा. आगरा और लखनऊ की ओर से एक्सप्रेस-वे पर आने वाले वाहनों के लिए भी नसीरपुर कट और कुबेरपुर कट के माध्यम से वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं.

जसराना-घिरोर-सिरसागंज-बटेश्वर मार्ग: जसराना-घिरोर-अरांव मार्ग पर भारी वाहनों को ओछा चौराहा और घिरोर बाईपास से डायवर्ट किया जाएगा. जसराना से सिरसागंज अंडरपास तक भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा. सिरसागंज-नसीरपुर-बटेश्वर मार्ग पर भी विभिन्न स्थानों से वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा. बटेश्वर पुल से आगरा-नसीरपुर मार्ग पर सभी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा, जिसका डायवर्जन आगरा कमिश्नरेट द्वारा कराया जाएगा.

एटा-टूण्डला-जलेसर मार्ग: एटा, आवागढ़, रजावली और पचोखरा से फिरोजाबाद एवं आगरा आने वाले वाहनों का डायवर्जन एटा से ही किया जाएगा. आगरा-टूण्डला-एटा मार्ग पर मोहम्मदाबाद कट से वाहनों को टूण्डला टोल, शिकोहाबाद, घिरोर और कुरावली के रास्ते भेजा जाएगा. जलेसर अंडरपास से एटा जाने वाले भारी वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा.

शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री: डायवर्जन अवधि के दौरान शहर के भीतर भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी. पुराना बाईपास आसफाबाद, ककरऊ कोठी, बेदी की पुलिया, जरौली कट, बिल्टीगढ़-आसफाबाद चौराहा और जाजपुर बंबा-निहाल सिंह की पुलिया मार्ग पर भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे. इन वाहनों को एनएच-19 और टूण्डला मार्ग का उपयोग करना होगा वहीं, पायनियर पुल से आसफाबाद चौराहे तक हल्के वाहनों के लिए दोनों ओर वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी.

पुलिस ने की सहयोग की अपील: फिरोजाबाद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि डायवर्जन अवधि में यात्रा पर निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें. यातायात पुलिस एवं ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें. पुलिस का कहना है कि पूरे मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि श्रावण कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके.

आपको बता दें कि सावन के महीने में फिरोजाबाद जनपद की सड़कों पर भी बम-बम भोले और हर-हर महादेव के नारे गूंजते हैं. आगरा जनपद के गांव बटेश्वर जिसे मिनी काशी के नाम से भी जाना जाता है, यहां स्थापित प्रसिद्ध मंदिर के शिवलिंग में बड़ी संख्या में भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करते हैं. दरअसल कांवड़िए कासगंज जनपद के सौरों जी से गंगाजल लाकर एटा और फिरोजाबाद जनपद के शिकोहाबाद क्षेत्र में होते हुए बटेश्वर के लिए जाते है इसलिए एटा बार्डर से जिले में कांवड़िए जनपद में प्रवेश करते है और जसराना कस्बे, शिकोहाबाद और फिर नसीरपुर रोड़ से होते हुए बटेश्वर पहुंचते है. यही जनपद का प्रमुख यात्रा मार्ग है. इसी प्रकार कुछ कांवड़िए एटा बार्डर से अवागढ़ होते हुए टूंडला और फरिहा में एंट्री करते है और फिर एटा के लिए रवाना होते है.