लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार हर साल की तरह इस साल भी कांवड़ यात्रा को भव्य और सुरक्षित बनाने के प्लान पर काम कर रही है. इस वर्ष भी कांवड़ यात्रा को भव्य, सुरक्षित और श्रद्धामय बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं. इस बार योगी सरकार ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा का मेगा प्लान तैयार किया है.
पुष्पवर्षा से कांवड़ियों का स्वागत: सरकार की ओर से 9 और 10 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख कांवड़ मार्गों पर हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की जाएगी. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कांवड़ रूट को इसके लिए चुना गया है.
कहां-कहां पुष्पवर्षा:
- बागपत
- सहारनपुर
- मुजफ्फरनगर
- मेरठ
- गाजियाबाद
- हापुड़
- बुलंदशहर
पहले दिन का समय: जारी कार्यक्रम के मुताबिक, नौ अगस्त को सुबह करीब आठ बजे हेलीकॉप्टर लखनऊ से बागपत के लिए रवाना होगा. सुबह 10:30 से 11:15 बजे तक बागपत क्षेत्र में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की जाएगी. इसके बाद सहारनपुर में 11:45 से 12:45 बजे तक श्रद्धालुओं का पुष्पों से स्वागत होगा. दोपहर 1:30 से 2:15 बजे तक मुजफ्फरनगर और शाम 3:45 से 4:30 बजे तक मेरठ में पुष्पवर्षा का कार्यक्रम निर्धारित है. पहले दिन हेलीकॉप्टर की कुल उड़ान अवधि 6 घंटे 10 मिनट रहेगी.
दूसरे दिन का समय: 10 अगस्त को हेलीकॉप्टर मेरठ से उड़ान भरकर सुबह करीब 8:30 से 9:15 बजे तक गाजियाबाद में पुष्पवर्षा करेगा. इसके बाद 9:45 से 10:30 बजे तक हापुड़ और 11:15 से दोपहर 12 बजे तक बुलंदशहर में शिवभक्तों का फूल बरसाकर स्वागत किया जाएगा. सभी कार्यक्रम पूरे होने के बाद हेलीकॉप्टर दोपहर 12:30 बजे बुलंदशहर से लखनऊ के लिए रवाना होगा. दूसरे दिन कुल तीन घंटे 45 मिनट की उड़ान निर्धारित की गई है. पूरे अभियान की कुल उड़ान अवधि नौ घंटे 55 मिनट की होगी.