यूपी में मानसून मेहरबान, 9 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश; आज 30 जिलों में बरसेंगे बदरा

लखनऊ/आगरा: उत्तर प्रदेश में पिछले तीन-चार दिनों से झमाझम बारिश का दौर जारी है. वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान पूर्वी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई और कुछ इलाकों में हल्की से माध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं आगरा में बुधवार देर शाम और रात में कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई. जिससे आधे शहर की सड़कें जलभराव से डूब गईं.

इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, बिजनौर में 25, कासगंज में 22, मुजफ्फरनगर में 20 मिली में सबसे अधिक बारिश 56 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई. पूर्वी उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में 49.8, प्रतापगढ़ में 60, गोंडा में 34, अंबेडकर नगर में 30, मिर्जापुर में 27 मिली मीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बादलों की आवाजाही और झमाझम बारिश होने के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है.

बता दें, लगातार हो रही बारिश के कारण जल स्तर में वृद्धि हुई है. जिसके कारण प्रदेश के कई जिले बाढ़ की चपेट में है. प्रशासन ने राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं. एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया है. भारी बारिश के कारण प्रयागराज, बहराइच, लखीमपुर खीरी, अयोध्या, वाराणसी, सोनभद्र में प्रशासन ने बाढ़ राहत संबंधी सभी टीमों को अलर्ट मोड पर रखा है.

यहां हो सकती तेज बारिश: मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के 9 जिलों में भारी से ज्यादा भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, जालौन और आस पास के क्षेत्र में भारी तो कहीं-कहीं भारी से ज्यादा भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ ही प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है.

17 प्रतिशत कम हुई बारिश : उत्तर प्रदेश में 1 जून से 19 अगस्त तक अनुमानित बारिश 513 मिली मीटर के सापेक्ष 428 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 17% कम है.

लखनऊ में रेन अलर्ट: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गुरुवार को लखनऊ में बादलों का आना जाना लगा रहेगा. कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

बस्ती सबसे गर्म जिला: बुधवार को उत्तर प्रदेश का बस्ती सबसे अधिक गर्म जिला रहा. यहां पर अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है.

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में आगामी 2 से 3 दिनों तक कुछ स्थानों पर भारी और कुछ स्थानों पर भारी से ज्यादा भारी बारिश होने की संभावना है. बारिश का ये सिलसिला आगामी 5-6 दिनों तक जारी रहेगा.