मथुरा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर्व की बृजवासियों, प्रदेश वासियों और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं. इससे पहले सीएम ने श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर परिसर के गर्भ गृह भागवत भवन में ठाकुर जी के दर्शन किए. मुख्यमंत्री योगी सबसे पहले मंदिर परिसर में पहुंच कर गौ सेवा समर्पित अभियान का शुभारंभ किया और गौ सेवा भी की.
मुख्यमंत्री योगी ने कहा पुरानी संस्कृति को कोई नहीं मिटा पाएगा, मिटाने की कोशिश जिन्होंने ने भी की वो मिट गए.
जन्माष्टमी पर योगी आदित्यनाथ, भगवान श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर परिसर में दर्शन करने के लिए पहुंचे. विधि विधान से पूजा-अर्चना की.
इस अवसर पर सीएम योगी ने जन्माष्टमी पर्व की लोगों को शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा इसी पावन भूमि पर भगवान श्री कृष्ण, जो कि विष्णु के अवतार के रूप में अवतरित हुए, उनका 5253 वां जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है.
ये हमारी 5000 वर्ष पुरानी संस्कृति सभ्यता और विरासत को संजोए हुए है. द्वापर में भी कंस ने संस्कृति को समाप्त करने की कोशिश की, लेकिन कंस का अंत हो गया. आज भी कुछ लोग संस्कृति को समाप्त करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जो लोग समाप्त करने की कोशिश करेंगे, वह खुद ही समाप्त हो जाएंगे.
डबल इंजन की सरकार चौमुखी विकास
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रदेश की सरकार के साथ मिलकर राज्य में चौमुखी विकास कार्य करा रहे हैं. बनारस बाबा विश्वनाथ की नगरी में हर रोज लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है.
भगवान रामचंद्र की नगरी अयोध्या में भी हर रोज़ एक लाख श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं. तीज त्योहार पर्व पर यह संख्या 5 लाख से 10 लाख हो जाती है.
भगवान श्री कृष्ण की नगरी मथुरा में देश के कोने-कोने से श्रद्धालु जन्माष्टमी पर्व पर यहां पहुंचे हैं. मैं सब का अभिनंदन करता हूं और शुभकामनाएं देता हूं.
मंदिरों में श्रद्धालुओं के लिए कोई भी असुविधा नहीं होगी. पूरी प्लानिंग के साथ सरकार काम कर रही है. मंदिर में व्यवस्थित और भक्ति के माहौल में दर्शन हो, इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है.
जिसने संस्कृति को नष्ट करने का प्रयास किया, वो खुद नष्ट हो गए
भारतीय संस्कृति हजारों वर्ष पुरानी है. पहले भी आक्रांताओं ने भारतीय संस्कृति को नुकसान पहुंचाया और नष्ट करने की कोशिश की, लेकिन आज भी संस्कृति की ये तरह परंपरा चली जा रही है. आज भी कुछ लोग मंदिरों में आने से डरते हैं कि उनको वोट कैसे मिलेगा, लेकिन मैं जन्माष्टमी के महोत्सव और तीज त्योहार पर मंदिरों में दर्शन करने के लिए ज़रूर जाता हूं. हम काम कर रहे हैं.
संबोधन खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा करते हुए जन्माष्टमी के पर्व की शुभकामना दी.