आजमगढ़: आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र के सुलेमापुर चकिया गांव में नाली बहाने के विवाद को सुलझाने पहुंचे प्रधानपति यदुवंश त्रिपाठी ने हरिओम पांडेय की गला दबाकर हत्या कर दी। पीड़ित पिता वीरेंद्र पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने प्रधानपति यदुवंश त्रिपाठी, पड़ोसी रामलाल शर्मा और उसकी बहू चंदा के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
आजमगढ़ में नाली विवाद ने लिया खूनी रूप, युवक की गला दबाकर हत्या; तीन पर केस
वीरेंद्र पांडेय ने बताया कि उनके पड़ोसी रामलाल शर्मा पशुओं को रखने के लिए एक बरदौर बनाए हुए हैं। वह बरदौर का गंदा पानी उनकी जमीन में बहा रहे थे। इसे लेकर तीन दिन पूर्व विवाद हुआ तो ग्राम प्रधान यदुवंश त्रिपाठी ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया। इसके बाद शुक्रवार को उसी विवाद को लेकर उनके बेटे हरिओम पांडेय (30) और रामलाल शर्मा के बीच कहासुनी हो गई। मौके पर प्रधानपति यदुवंश त्रिपाठी भी पहुंचे।
हरिओम पांडेय के पिता वीरेंद्र पांडेय ने आरोप लगाया कि उनके सामने हरिओम पांडेय को प्रधानपति यदुवंश त्रिपाठी ने रामलाल और उसकी बहू चंदा के साथ मिलकर गला दबाकर हत्या कर दी। आरोप है कि प्रधानपति यदुवंश त्रिपाठी ने ही बेटे हरिओम पांडेय की गला दबाकर हत्या की। इस बीच हरिओम बेहोश हो गया। इसके बाद परिजन हरिओम पांडेय को लेकर सीएचसी पवई लेकर पहुंचे जहां पर चिकित्सक ने हरिओम को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई। पुलिस ने पीड़ित पिता वीरेंद्र पांडेय की तहरीर पर प्रधानपति यदुवंश त्रिपाठी, पड़ोसी रामलाल शर्मा व बहू चंदा के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस तीनों आरोपियों की तलाश में जुट गई है।