पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद, आदर्श शिक्षक, ‘भारत रत्न’ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्रियों और नेता-प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मैं उन शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं जिन्होंने ज्ञान की खोज में छात्रों की पीढ़ियों का मार्गदर्शन करके भारत की निरंतर प्रगति का मार्ग प्रशस्त किया है।
केंद्रीय गृहमंत्री ने क्या कहा? – केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘शिक्षक दिवस पर मैं उन शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं जिन्होंने ज्ञान की खोज में छात्रों की पीढ़ियों का मार्गदर्शन कर भारत की निरंतर प्रगति का मार्ग प्रशस्त किया है। साथ ही मैं दार्शनिक और राजनेता भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णनको उनकी जयंती पर नमन करता हूं। उनकी अमूल्य विरासत ज्ञान-समृद्ध भारत के निर्माण के लिए हमारे लिए प्रेरणा की एक शाश्वत ज्योति के समान है।
सीएम योगी आदित्यनाथ – वहीं गोरखपुर के रामगढ़ताल स्थित योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र में शिक्षक दिवस के शुभ अवसर पर भव्य राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की. सीएम योगी ने सबसे पहले परिसर में लगाई गई विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न स्टॉलों पर मौजूद विद्यार्थियों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया. इसके पश्चात उन्होंने बेसिक तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के 81 मेधावी शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया.
राहुल गांधी ने क्या कहा? – वहीं, राहुल गांधी ने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें सादर नमन। राष्ट्रीय शिक्षक दिवस पर सभी गुरुजनों को हार्दिक शुभकामनाएं। अपने ज्ञान, सेवा और समर्पण से आप छात्रों का भविष्य संवारते हैं और देश की आने वाली पीढ़ियों को दिशा देते हैं। आपका योगदान अमूल्य है।’
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा कि शिक्षक दिवस की पूरे शिक्षक परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। देश और समाज के निर्माण में शिक्षकों की अग्रणी भूमिका रही है। आज का यह दिन, भारत के पूर्व राष्ट्रपति डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती के उपलक्ष्य पर मनाया जाता है। मैं उनकी स्मृति को नमन करते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
‘समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अहम’ – केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने लिखा कि पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद्, आदर्श शिक्षक एवं ‘भारत रत्न’ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती पर उन्हें नमन करता हूं। किसी भी राष्ट्र की समृद्धि और जागरूक समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।