2027 में BJP की वापसी का दावा, केशव मौर्य बोले- अखिलेश के पास कोई मुद्दा नहीं

प्रयागराज: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा ने वर्ष 2027 में तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए संगठन बूथ सत्यापन अभियान में जुटा है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करना और जनता के हित में लगातार काम करना भाजपा की प्राथमिकता है।

सोमवार को प्रयागराज में पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी 75 जिलों के सर्वांगीण विकास और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए सरकार काम कर रही है। उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालय और जनपद न्यायालयों से जारी आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी पूरा जोर है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य संगठन को मजबूत करते हुए देश और प्रदेश के हित में लगातार काम करना है। पार्टी इसी उद्देश्य के साथ बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुटी है।

अखिलेश पर साधा निशाना

सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए मौर्य ने कहा कि उनके पास न कोई काम है और न ही कोई मुद्दा। सत्ता से दूर होने के कारण वह बेचैन हैं और सत्ता में लौटने की लालसा में उल्टे-सीधे बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के सत्ता के आसपास पहुंचने की फिलहाल कोई संभावना नहीं है।

आर्थिक विकास पर भी घेरा

देश की आर्थिक प्रगति को लेकर मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव को अपना नजरिया बदलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक वृद्धि की रफ्तार 7 से 8 प्रतिशत के बीच है। देश की तेज आर्थिक प्रगति भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया की बड़ी एजेंसियों को भी दिखाई दे रही है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भी ऐसे लोगों को लेकर टिप्पणी की है, जिन्हें अच्छी चीजें दिखाई नहीं देतीं और वे हर जगह नकारात्मकता तलाशते हैं। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में हुए विकास कार्यों को सकारात्मक दृष्टि से देखने पर सरकार के कामकाज का असर साफ दिखाई देगा।