यूपी में थमेगी बारिश की रफ्तार, 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

लखनऊ: यूपी में बारिश लगातार जारी है. पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश के पूर्वी-पश्चिमी इलाकों में कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ बारिश हुई. पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी दर्ज की गई. कहीं-कहीं आंधी के साथ बिजली भी गिरी. मौसम में इस समय कोई सक्रिय तंत्र न होने की वजह से दक्षिणी-पश्चिमी मानसून की रफ्तार कमजोर हुई है. आने वाले 4-5 दिनों तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. वहीं 2 दिनों बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ हल्की बारिश होने की संभावना है.

इन जिलों में बारिश का अलर्ट: चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, आजमगढ़, वाराणसी, चंदौली, देवरिया, मऊ, गाजीपुर, सोनभद्र, कुशीनगर, सिद्धार्थ नगर, महाराजगंज, गोरखपुर, बस्ती, संत रविदास नगर, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर में चेतावनी जारी की गई है.

25% कम हुई बारिश: उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान अनुमानित बारिश 5.9 मिली मीटर के सापेक्ष 4.4 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 25% कम है. वहीं 1 जून से 8 सितंबर तक उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 647 मिली मीटर के सापेक्ष 649 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य है.

लखनऊ का वेदर: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को लखनऊ में बादलों की आवाजाही रहेगी, अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

आगरा सबसे गर्म जिला: मंगलवार को उत्तर प्रदेश का आगरा जिला सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम है.

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि आने वाले 2 दिनों तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम ड्राई रहेगा. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. 2 से 3 दिनों के अंदर अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. वहीं न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा.