सीएम योगी ने रामलला के किए दर्शन, राम मंदिर के बेहतर संचालन को लेकर दिए निर्देश

अयोध्या : मुख्यमंत्री के अयोध्या आगमन को लेकर मंगलवार सुबह से ही मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर और सुव्यवस्थित करने में मंदिर प्रबंधन के लोग जुटे रहे. इस दौरान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका, कृष्ण मोहन और मदन मोहन पांडेय भी मौजूद रहे. सबसे पहले सीएम योगी ने सिद्ध पीठ हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन पूजन किया. इसके बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नए सदस्यों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया. इस दौरान सीएम ने मंदिर की व्यवस्था के सशक्त संचालन के निर्देश दिए.

बता दें, नवनिर्वाचित मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जितेंद्र मिश्रा ने मंगलवार को पूर्ण रूप से अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है. इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे थे. श्रीरामलला का दर्शन-पूजन करने का सीएम योगी ने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं और संचालन को लेकर अधिकारियों एवं ट्रस्ट पदाधिकारियों के साथ चर्चा की.

मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी ली. मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने व संचालन को सशक्त करने पर जोर दिया. श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही व्यवस्थाओं में समन्वय और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए.

कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका ने बताया कि जब भी मुख्यमंत्री जी अयोध्या आते है तो रामलला व हनुमान गढ़ी में बजरंग बली के दर्शन अवश्य करते हैं. मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से परिचय के बाद यहां की व्यवस्थाओं के संबंध में मार्गदर्शन दिया है. सीईओ को किस प्रकार से संचालन की व्यवस्था को चलाना है. उसकी जानकारी दी गई है.

इसके पहले राम मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सीईओ जितेंद्र मिश्रा मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे कैफियत ट्रेन से अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचे. इसके बाद वह राम मंदिर गए. जहां उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र कार्यालय में आयोजित बैठक में राम मंदिर के कोषाध्यक्ष महेश भागचंद से वार्ता की. बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में जितेंद्र मिश्रा ने कहा, अभी हमारी इंट्रोडक्टिव मीटिंग चल रही है. बहुत ही जल्दी आपके समक्ष आऊंगा और राम मंदिर से जुड़ा हुआ भविष्य का प्लान भी बताऊंगा.