फिरोजाबाद: जनपद में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान वज्र के तहत सिरसागंज पुलिस ने साइबर फ्रॉड के संगठित गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की है. वांछित आरोपी अनुराग उर्फ गोपाल को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर दूसरे राज्यों के लोगों को फोन करता था और उनकी फर्म व होटलों को रेटिंग देने के नाम पर झांसे में लेकर साइबर ठगी करता था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी के 10 हजार 500 रुपए नगद, एक मोबाइल फोन, चार पासबुक, एक चेकबुक, आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किया है.
अपर पुलिस अधीक्षक क्राइम राजेश गुनावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के बैंक खातों की जांच में एनसीआरपी पोर्टल पर कुल आठ साइबर फ्रॉड संबंधी शिकायतें सामने आई हैं. इनमें एक खाते से करीब 17 लाख 08 लाख रुपए और दूसरे खाते से एक लाख रुपए के साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी के दोनों खातों में एक महीने के भीतर करीब 24 लाख रुपए साइबर फ्रॉड के रूप में आए हैं.
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एसएसपी आदित्य लांग्हे के पर्यवेक्षण में साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में सिरसागंज पुलिस टीम ने थाना सिरसागंज पर दर्ज मुकदमा में वांछित आरोपी अनुराग उर्फ गोपाल को शुक्रवार यानी 11 सितंबर 2026 को किठोत मोड़, थाना सिरसागंज से गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुराग उर्फ गोपाल पुत्र सुरेंद्र कुमार, मूल निवासी ग्राम नगला मुइउद्दीनपुर, पोस्ट खुर्जा, थाना खुर्जा सिटी, जनपद बुलंदशहर तथा हाल निवासी रामचरन वाली गली, कस्बा एवं थाना सिरसागंज, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है. आरोपी के खिलाफ थाना सिरसागंज में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी शैलेंद्र के बैंक खाते के संबंध में एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से साइबर फ्रॉड की शिकायत प्राप्त हुई थी. इसके बाद जांच के दौरान शैलेन्द्र के साथ जुड़े आरोपी अनुराग उर्फ गोपाल के बैंक खातों की भी जांच की गई.
जांच में अनुराग उर्फ गोपाल के खातों के संबंध में एनसीआरपी पोर्टल पर कुल आठ शिकायतें प्राप्त हुईं. पुलिस का कहना है कि आरोपी के दोनों खातों में एक माह के भीतर करीब 24 लाख रुपए साइबर फ्रॉड के रूप में आए. इस घटना में शामिल आरोपी शैलेंद्र पुत्र लज्जाराम कुशवाह, निवासी करहल रोड, कृष्णानगर, सिरसागंज, फिरोजाबाद को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.