फतेहपुर: जनपद बांदा निवासी फहीम भारती उर्फ चुन्नू के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है. महिला ने फहीम पर झाड़फूंक के बहाने दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, धोखे से निकाह करने और बाद में फोटो-वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर बदनाम करने का आरोप लगाया है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.

महिला के मुताबिक, फहीम उसके पिता के पास झाड़फूंक करने के लिए आता था. बीमारी ठीक करने का झांसा देकर उसने एक दिन उसे अकेले कमरे में बुलाया और दुष्कर्म किया. इस दौरान वीडियो भी बना लिया. आरोप है कि वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर वह लंबे समय तक महिला का शारीरिक शोषण करता रहा.
महिला ने पुलिस को बताया कि फहीम ने उसका पहला निकाह भी तुड़वा दिया था. इसके बाद खुद को अविवाहित बताते हुए पांच मई 2016 को उससे निकाह कर बांदा ले गया. महिला का आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि फहीम पहले ही दो महिलाओं से निकाह कर चुका है और उसके बच्चे भी हैं. बांदा में उसके दो पुत्र भी हुए.
महिला ने आरोप लगाया कि फहीम ने अलग-अलग नामों से फर्जी पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज भी बनवा रखे हैं. वर्ष 2024 में भी उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, हालांकि बाद में दोनों पक्षों में सुलह हो गई थी. कुछ माह पहले महिला आरोपी के चंगुल से निकलकर अपने मायके आ गई. आरोप है कि इसके बाद फहीम ने इंटरनेट मीडिया पर उसके फोटो और वीडियो प्रसारित कर उसे बदनाम करना शुरू कर दिया.
सदर कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है. आरोपी की तलाश भी जारी है.
