नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा ने सोमवार को कहा कि निर्वाचन आयोग पर विपक्ष के आरोपों को लेकर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि आयोग के सदस्यों द्वारा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगियों के झूठ का पर्दाफाश किए जाने के बाद भी विपक्षी दल देश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं.

नड्डा ने मीडिया से कहा कि देश की प्रगति से हताश और निराश विपक्षी ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया गठबंधन) ‘‘भ्रम और अराजकता’’ फैलाने के लिए नए तरीके तलाश रहा है.
उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी ने देखा कि कुछ ही दिन पहले एक मनगढ़ंत कहानी को लेकर पूरे देश में किस प्रकार हंगामा किया गया. अब जबकि निर्वाचन आयोग के सदस्यों ने हर झूठ का पर्दाफाश कर दिया है तभी भी वे (विपक्षी दल) एक बार फिर से माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं.’
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि देश की स्वायत्त एवं संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम और कमजोर करना कांग्रेस नेता राहुल गांधी, आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एकमात्र एजेंडा बन गया है.
नड्डा ने कहा, ‘‘उन्हें न राष्ट्रीय सुरक्षा की चिंता है, न जनकल्याण की और न ही देश के सम्मान एवं गरिमा की. उनका एकमात्र मकसद सत्ता प्राप्त करना है और वह भी जनसेवा के लिए नहीं, बल्कि वंशवादी राजनीति को बढ़ावा देने और निजी लाभ उठाने के लिए.’’
उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी जी, ध्यान से सुनिए: किसी झूठ को सौ बार दोहराने से वह सच नहीं हो जाता.’’ उन्होंने कहा कि देश की जनता विपक्ष के दोहरे मापदंड के अलावा उसकी नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह समझ चुकी है.
नड्डा ने कहा, ‘‘देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश करने वाली ताकतों को जनता ने पहले भी करारा जवाब दिया है और वह भविष्य में भी ऐसा ही करेगी.’’
