हैदराबाद: विजय सालगांवकर अपनी आखिरी चाल चल चुका हैं और देश उनके इस दांव के लिए बिल्कुल तैयार नहीं था. एक ‘चौथी फेल’ ने 11 सालों तक कानून को छकाकर रखा और अब दृश्यम: द कन्क्लूजन इस आइकॉनिक कहानी को उसके बहुप्रतीक्षित अंतिम अध्याय तक लेकर आया है, जिसका क्लाइमैक्स दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. फैंस और क्रिटिक्स फिल्म की टाइट और ग्रिपिंग कहानी की जमकर तारीफ कर रहे हैं, जो पूरी तरह बांधे रखती है, खासकर इसका एज-ऑफ-द-सीट क्लाइमैक्स.
फिल्म के आखिरी पार्ट को मिल रही शानदार प्रतिक्रिया के बीच, निर्देशक अभिषेक पाठक ने भी फिल्म को उसके क्लाइमैक्स तक पहुंचाने की बड़ी जिम्मेदारी के बारे में बात की. राइटर-डायरेक्टर ने कहा, ‘इस फिल्म को बनाना मेरे लिए एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी थी, क्योंकि दर्शक इतने सालों से इस दुनिया के साथ जुड़े हुए हैं. हर किसी के पास अपनी थ्योरी, अपनी उम्मीदें और अपने विचार थे कि इस कहानी का अंत कैसे होना चाहिए. मेरे लिए सबसे बड़ी चुनौती थी उस सफर का सम्मान करना, लेकिन साथ ही दर्शकों को ऐसा अनुभव देना, जिसकी उन्होंने शायद उम्मीद न की हो’.
फिल्म को मिल रही जबरदस्त प्रतिक्रिया को देखकर संतुष्टि के बारे में बात करते हुए उन्होंने आगे कहा, ‘अब जब मैं दर्शकों को फिल्म का अनुभव करते हुए, उसके एंड पर चर्चा करते हुए और यह बहस करते हुए देखता हूं कि विजय ने आखिर क्या किया, तो यह मेरे लिए वाकई बेहद संतोषजनक है. फिल्म देखने के बाद भी दर्शक जिस तरह इसे लेकर चर्चा कर रहे हैं और अपने-अपने तरीके से इसकी व्याख्या कर रहे हैं, यही इस फ्रेंचाइजी को इतना खास बनाता है’.
अभिषेक पाठक द्वारा निर्देशित दृश्यम 3 में अजय देवगन, तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज, कमलेश सावंत, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव सहित अन्य कलाकार नजर आ रहे हैं. यह शानदार कलाकारों की टोली इस मशहूर फ्रेंचाइज़ी के अंतिम अध्याय को और खास बनाती है.
स्टार स्टूडियो18 की पेशकश और पनोरमा स्टूडियोज के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है और इसकी कहानी अभिषेक पाठक, आमिल कीयन खान और परवेज शेख ने लिखी है.

