हैदराबाद: करण जौहर कॉफी विद करण के अपने 9वें और आखिरी सीजन के साथ वापसी कर रहे हैं. मेकर्स ने आने वाले सीज़न का नया प्रोमो जारी किया है. यह प्रोमो अटकलों, मैनिफेस्टेशन, गपशप और कॉफी विद करण से जुड़ी हर उस चीज की वापसी का संकेत देता है जो बॉलीवुड की पहचान है. इस आखिरी सीज़न के लिए कुछ नियम भी तय किए गए हैं. नए प्रोमो में जौहर ने कंफर्म किया है कि आने वाला सीजन उनका आखिरी सीजन होगा और साथ ही यह भी साफ कर दिया है कि कुछ जाने-पहचाने चेहरों को इसमें नहीं बुलाया जाएगा.
7 अक्तूबर को करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम पर कॉफी विद करण का नया प्रोमो अपलोड किया और कैप्शन में लिखा, ‘पिछली कॉफी के बारे में मैं आपको बहुत कुछ बता सकता हूं. लेकिन उसमें मजा ही क्या है? कॉफी विद करण सीजन 9, 14 अक्टूबर से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा.’
प्रोमो की शुरुआत में करण बताते हैं कि यह कॉफी विद करण का आखिरी सीजन होगा और वे जोर देकर कहते हैं कि वे न तो मजाक कर रहे हैं और न ही दिखावा. तब उनका एक दोस्त मजाक में कहता है कि उन्हें यह शो 10 साल पहले ही बंद कर देना चाहिए था, जिस पर करण तंज कसते हुए कहते हैं, ‘कितनी बदतमीजी है.’ फिर वे मजाकिया अंदाज में कहते हैं, ‘पूछने के लिए शुक्रिया. यही वजह है कि मैंने आपको आठ सीजन में नहीं बुलाया और न ही नौवें सीजन में बुलाने का मेरा कोई इरादा है.’
इसके बाद करण, क्रिकेटर केएल राहुल और हार्दिक पांड्या से जुड़े कॉफी विद करण सीजन 4 के विवाद पर तंज कसते हुए साफ तौर पर कहते हैं, ‘क्रिकेटरों को आने की इजाजत नहीं है.’ साथ ही यह भी बताते हैं कि असल में वे ही शो में आने से मना कर देते हैं.
आखिर में, करण अपने बॉलीवुड दोस्तों से पूछते हैं कि क्या वे आखिरी सीजन के लिए उनके साथ जुड़ेंगे? वह उन्हें भरोसा दिलाते हैं कि इस बार कोई विवाद नहीं होगा और उनसे खुद पर भरोसा करने को कहते हैं.
कॉफी विद करण सीजन 9 के नए प्रोमो ने फैंस के बीच सेलिब्रिटी गेस्ट्स को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है. ऐसी चर्चा है कि सलमान खान, अहान पांडे और अनीट पड्डा, विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना और सिद्धार्थ मल्होत्रा-कियारा आडवाणी जैसे सेलिब्रिटी करण जौहर के चैट शो में नजर आ सकते हैं. हालांकि, अभी तक गेस्ट्स की कोई पक्की लिस्ट सामने नहीं आई है. कॉफी विद करण सीजन 9, जियो हॉटस्टार पर 14 अक्टूबर से स्ट्रीम होना शुरू होगा.

