महोबा में तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा

महोबा: कबरई थाना क्षेत्र के गांव में तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है. घटना के समय बच्ची के माता-पिता खेत में मजदूरी करने गए थे. बच्ची पास में बनी एक झोपड़ी में अकेली लेटी हुई थी. आरोप है कि इसी दौरान गांव का ही एक युवक झोपड़ी में पहुंचा और मासूम के साथ दुष्कर्म किया. बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना देकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया.

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा. अस्पताल में बच्ची का उपचार कराया जा रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी. घटनास्थल पर फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया. टीम ने झोपड़ी और आसपास के स्थान का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए.

अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि कबरई थाना क्षेत्र के एक गांव में पीआरवी के माध्यम से घटना की सूचना पुलिस को मिली थी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मजदूर दंपत्ति खेत में काम करने गए थे. उनकी तीन वर्षीय पुत्री पास की झोपड़ी में थी. इसी दौरान गांव के ही एक युवक पर बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है. घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.

एएसपी के अनुसार परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य भी एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया जाएगा.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्ची की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है और उसे आवश्यक चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस की ओर से जांच में जुटी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.