रिलीज से पहले ही ‘जेलर 2’ का जलवा, एडवांस बुकिंग में रजनीकांत की फिल्म की धूम

हैदराबाद: टॉलीवुड सुपरस्टार रजनीकांत की ‘जेलर 2’ सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है. फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. हालांकि इसकी रिलीज में अभी कुछ दिन बाकी हैं, लेकिन चुनिंदा बाजारों में एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है.

इस फिल्म ने टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म्स पर जबरदस्त शुरुआत की है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म्स और थिएटर काउंटर्स के जरिए बुकिंग के पहले घंटे में ही 1 लाख से ज्यादा टिकट बिक गए. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुरुआती बुकिंग के दौरान बुक माय शो पर हर घंटे 40,000 से ज्यादा टिकट बिके, जबकि डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो पर हर घंटे 12,000 से ज्यादा टिकटों की बिक्री हुई.

‘जेलर 2’ की एडवांस बुकिंग
सैकनिल्क के मुताबिक, ‘जेलर 2’ ने भारत में अपने पहले दिन के लिए 5,320 शो के लिए 6.46 लाख टिकट बेचे हैं, जिससे इसकी कमाई 12.26 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. बता दें, नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने तीन शो-डेट्स के लिए प्री-सेल्स में ही 16 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है.

वहीं, वर्ल्डवाइड की बात करें तो सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म के ओपनिंग डे के लिए दुनिया भर में प्री-सेल्स का आंकड़ा 30 करोड़ रुपये के करीब पहुंच रहा है. अच्छी रफ्तार के साथ, विदेशों में प्री-सेल्स का आंकड़ा 20 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है. उम्मीद है कि यह फिल्म किसी तमिल फिल्म के लिए अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग में से एक होगी.

टिकट की कीमत
बेंगलुरु में मल्टीप्लेक्स के महंगे टिकट चर्चा का विषय बन गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलीज के दिन टिकट की औसत कीमत 800 से 1000 रुपये के बीच है. हालांकि, शहर के कुछ खास मल्टीप्लेक्स में प्रीमियम टिकट की कीमत 1800 रुपये तक पहुंच गई है. कीमतों में यह अंतर रजनीकांत की फिल्म की डिमांड को दर्शाता है. बेंगलुरु में बुकिंग के लिए सुबह 6:00 बजे के ठीक बाद शुरू होने वाले शो भी शामिल हैं.

रिपोर्ट्स के अनुसार, आंध्र प्रदेश सरकार ने ‘जेलर 2’ के लिए टिकट की कीमतों में कुछ समय के लिए बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है, जिससे थिएटर फिल्म के सिनेमाघरों में रिलीज होने के पहले हफ्ते के दौरान ज्यादा पैसे ले सकेंगे. ये नई दरें 15 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक लागू रहेंगी और इस आदेश के तहत हर दिन 5 शो दिखाए जा सकेंगे. सिंगल-स्क्रीन थिएटर हर टिकट पर 50 रुपये से ज्यादा ले सकते हैं, जबकि मल्टीप्लेक्स 75 रुपये अतिरिक्त वसूल सकते हैं.

पड़ोसी राज्य तेलंगाना में, मल्टीप्लेक्स में ‘जेलर 2’ के टिकट की कीमत 295 रुपये से 350 रुपये के बीच बताई जा रही है. कुछ चुनिंदा थिएटरों में बुकिंग शुरू हो गई है. वहीं, तमिलनाडु में पहला शो सुबह करीब 8:00 या 8:30 बजे शुरू होने की उम्मीद है. अभी टिकट की कीमत लगभग 190 रुपये है.

‘जेलर 2’ के बारे में
नेल्सन दिलीपकुमार द्वारा निर्देशित ‘जेलर 2’ में रजनीकांत मुथुवेल पांडियन की अपनी भूमिका को दोहरा रहे हैं. इसमें राम्या कृष्णन, योगी बाबू और मिरना, मोहनलाल और शिवराजकुमार सहित कई कलाकार शामिल होंगे. मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन, एसजे सूर्या और सूरज वेंजारामूडु सीक्वल में शामिल होने वाले नए चेहरे हैं.