11th Nov Header

अखिलेश यादव पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल का हमला, बोले- सपा के साथ उसका कोर वोटर भी नहीं

लखनऊ: यूपी सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव केवल हवा हवाई बात करते हैं। उनके पास न कोई एजेंडा है, न ही प्रदेश के लिए कोई विजन। जैसे बच्चे सांप सीढ़ी खेलते हैं वैसे ही वो ट्विटर-ट्विटर (सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स) खेलते हैं। यूपी की जनता 2027 के चुनाव में सपा का परमानेंट सफाया कर देगी।

कपिल देव अग्रवाल ने अखिलेश यादव को आत्ममुग्ध बताते हुए कहा कि सपा प्रमुख मन ही मन खुद को सीएम मानते हैं। उनकी बातों पर अब कोई भरोसा नहीं करता। उन्हें आत्मचिंतन करने की जरूरत है, क्योंकि इस समय सपा के साथ उसका कोर वोटर भी नहीं है।

‘का बरषा सब कृषि सुखाने’

अखिलेश यादव के रामलला के दर्शन करने की चर्चाओं पर तंज कसते हुए कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि शायद अब उन्हें सद्बुद्धि आ रही है, लेकिन अब पछताने से क्या फायदा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से सपा ने हमेशा राम मंदिर का विरोध किया है। सनातन को अपमानित किया है। उससे प्रदेश के लोग वाकिफ हैं। अखिलेश यादव कितना भी आडंबर रच लें लेकिन उनकी असलियत अब हर कोई जान चुका है।