Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में सड़कों पर ई रिक्शा चलाती बुर्का पहने एक महिला की तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल हो रही है। इस तस्वीर पर लोग कई तरह के प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और परिवार को चलाने के लिए महिला के प्रयासों की तारीफ कर रहे हैं। कई लोग इसे स्वरोजगार से जोड़कर महिला की सराहना कर रहे हैं।
बुर्का पहनकर ई रिक्शा चलाने वाली महिला मुरादाबाद के सिविल लाइन इलाके की बताई जा रही है। महिला ने बताया कि उसके पति की मृत्यु के बाद उसे घर चलाने में काफी परेशानी आने लगी। उसके घर में एक बेटा और एक बेटी है। उनका बेटा वेल्डिंग का काम करने लगा है, लेकिन उससे घर का खर्च पूरा नहीं हो पाता। ऐसे में परिवार को पेट पालने के लिए उसने ई रिक्शा चलाने का फैसला लिया। इससे वह रोजाना करीब चार सौ रुपए तक कमा लेती है।