10 साल बाद बच्चे बोलेंगे कौन कांग्रेस, सपा को समाप्त पार्टी: आगरा में बोले राजनाथ सिंह

आगरा: लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण के मतदान से पहले बुधवार (1 मई) को आगरा आए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 10 साल बाद जब आप अपने बच्चों से कांग्रेस और सपा के बारे में पूछेंगे, तो वे बोलेंगे कौन कांग्रेस और सपा को समाप्त पार्टी। इस दौरान रक्षा मंत्री ने बाह के जरार मंडी मैदान से भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर को जिताने की अपील की।

राजनाथ सिंह ने कहा कि आपके बीच राजकुमार चाहर के लिए आया हूं। उन्होंने लोगों की नाराजगी को भांपते हुए कहा कि राजकुमार चाहर मेरे बहुत प्रिय लोगों में हैं। इनकी क्षमता और प्रतिभा से पार्टी प्रभावित हुई, इसलिए किसान मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व दिया। कई ऐसे दायित्व का निर्वहन मैं कर चुका हूं, इसलिए क्षेत्रीय जनता को समय देना थोड़ा मुश्किल होता जाता है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा।

भाजपा सरकार की तारीफ

केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के दो सपने थे। एक कांग्रेस पार्टी को भंग कर देना और दूसरा गरीबी हटा देना। नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह तक को कटघरे में खड़ा किया। हमलावार होते हुए बोले कि कांग्रेस को जनता विलुप्त कर रही है। तो भाजपा की सरकार आवास, आयुष्मान योजना व अन्य योजनाओं के माध्यम से गरीबी को दूर कर रही है। ये भाजपा की ही देन है, जो भारत आज विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर है।

विदेश नीति पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि पहले भारत की कहीं कोई बात सुनी नहीं जाती थी। आज भारत जो कहता है उसे दुनिया कान खोलकर सुनती है। चाहे रूस या यूक्रेन युद्ध हो। जब विश्व इस युद्ध से जूझ रहा था, तब वहां फंसे 30 हजार विद्यार्थियों को सकुशल लाने का कार्य भी इस सरकार ने कर दिखाया।

फिर आने का कर गए वादा

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंच से प्रत्याशी को पांच लाख से अधिक वोटों से जिताने की हामी भरवाकर दोबारा जल्द आने का वादा किया।