गोरखपुर: AIIMS में सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाओं में कुछ नए चिकित्सकों के ज्वाइन करने के बाद अब मरीजों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. AIIMS की मीडिया प्रभारी डॉ. अनुराधा सिंह ने बताया कि AIIMS को और मजबूत करते हुए विभिन्न विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने डायरेक्टर जनरल ऑफ मेडिकल एजुकेशन के तहत बांड सेवा के आधार पर सहायक आचार्य के तौर पर कार्यभार ग्रहण किया है.
इन विशेषज्ञों के जुड़ने से क्षेत्र के मरीजों को उन्नत एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं और अधिक सुलभ होंगी. उन्होंने बताया कि गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग में डॉ. अंकित मिश्रा ने कार्यभार ग्रहण किया है. उनकी ओपीडी मंगलवार और गुरुवार को होगी. इसके अलावा बुधवार को पैंक्रियाज स्पेशियलिटी क्लिनिक में मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श भी उनके द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा.
गैस्ट्रो सर्जरी विभाग में डॉ. अजय यादव ने भी कार्यभार संभाला है. उनकी ओपीडी मंगलवार और शुक्रवार को संचालित होगी, जहां मरीजों को गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल एवं संबंधित जटिल रोगों के लिए विशेषज्ञ सर्जिकल परामर्श मिलेगा.
डॉ. आराधना सिंह ने बताया कि इसी क्रम में कार्डियोलॉजी विभाग में डॉ. बिट्टू ने भी सहायक आचार्य के रूप में कार्यभार ग्रहण किया है. इनके जुड़ने से हृदय रोगों के मरीजों को संस्थान में विशेषज्ञ सेवाएं और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
न्यूरोलॉजी विभाग में डॉ. प्रवीण ने ज्वाइनिंग के लिए रिपोर्ट कर दी है और उनकी नियुक्ति संबंधी प्रक्रिया वर्तमान में प्रगति पर है. इसके अतिरिक्त, ऑर्थोपेडिक्स विभाग में डॉ. आनंद कुमार सिंह एसोसिएट प्रोफेसर ने भी ज्वाइनिंग के लिए रिपोर्ट किया है.
उनका चयन प्रत्यक्ष भर्ती (Direct Recruitment) के माध्यम से हुआ है और वर्तमान में उनकी नियुक्ति/कार्यभार ग्रहण करने की औपचारिक प्रक्रिया चल रही है. AIIMS गोरखपुर की कार्यकारी निदेशक एवं CEO मेजर जनरल डॉ. विभा दत्ता (सेवानिवृत्त) ने सभी नए चिकित्सकों का स्वागत किया है.
कहा कि AIIMS गोरखपुर पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं उन्नत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार अपनी सेवाओं का विस्तार कर रहा है, जिस विधा के और डॉक्टरों की आवश्यकता है. उनके चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे लोगों को एम्स गोरखपुर में ही बेहतर इलाज मिल सके.
वहीं AIIMS गोरखपुर के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में डिपार्टमेंट ऑफ हेल्थ रिसर्च (DHR) के Short-Term Studentship program (STS) में संस्थान के 25 आवेदकों में से 7 एमबीबीएस विद्यार्थियों का चयन हुआ है.
लगभग 28% चयन दर संस्थान के विद्यार्थियों के शोध के प्रति बढ़ते उत्साह और उत्कृष्ट प्रदर्शन को दर्शाती है. 2025 बैच से आकाशदीप, आयुष पटेल, सत्यम सिंह, राजपूत और मनीषा मलिक, जबकि 2024 बैच से निकेतन जांगड़ा, भाव्या अग्रवाल और वक़ुर अहमद चयनित हुए हैं.
यह उपलब्धि AIIMS गोरखपुर में चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ शोध एवं नवाचार की मजबूत होती संस्कृति का प्रमाण है. संस्थान की कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ मेजर जनरल डॉ. विभा दत्ता ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किया है.
यह चयन एमबीबीएस विद्यार्थियों में प्रारंभिक शैक्षणिक स्तर से ही शोध के प्रति जागरूकता और रुचि को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.