आकाश आनंद की पद से हटाए जाने के बाद पहली प्रतिक्रिया, मायावती को लेकर कह दी ये बात

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी के राष्‍ट्रीय कोऑर्डिनेटर और उत्तराधिकारी के पद से हटाए जाने के बाद आकाश आनंद ने गुरुवार (9 मई) को एक पोस्‍ट के जरिए अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्‍होंने मायावती के आदेश को सबसे ऊपर बताते हुए उसे स्वीकार किया है। आकाश ने मायावती को सर्वमान्य नेता भी बताया है।

आकाश आनंद ने सोशल मीडिया पर पोस्‍ट करते हुए लिखा,’आदरणीय बहन मायावती जी, आप पूरे बहुजन समाज के लिए एक आदर्श हैं। करोड़ों देशवासी आपको पूजते हैं। आपके संघर्षों की वजह से ही आज हमारे समाज को एक ऐसी राजनैतिक ताकत मिली है, जिसके बूते बहुजन समाज आज सम्मान से जीना सीख पाया है। आप हमारी सर्वमान्य नेता हैं, आपका आदेश सिर माथे पे। भीम मिशन और अपने समाज के लिए मैं अपनी अंतिम सांस तक लड़ता रहूंगा।’

7 मई को दोनों पद से हटाया गया था

दरअसल, सात मई को बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर और अपने उत्तराधिकारी के पद से हटा दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसका ऐलान करते हुए कहा कि मूवमेन्ट के व्यापक हित में पूर्ण परिपक्वता आने तक फिलहाल उन्हें इन दोनों जिम्मेदारियों से अलग रखा जाएगा।