UP Politics: अखिलेश-डिंपल ने डायल 112 की महिलाओं के साथ मनाई दिवाली

लखनऊ: कई दिनों से हड़ताल पर बैठीं डायल 112 की महिला कर्मचारियों के साथ अखिलेश यादव ने दिवाली मनाई। सपा अध्यक्ष ने महिला कर्मचारियों का साथ देने की बात कही और कहा कि हम इन महिला कर्मचारियों की आवाज बनेंगे। बता दें कि पिछले कई दिनों से वेतन में बढ़ोतरी और ज्वाइनिंग लेटर की मांग को लेकर धरने पर बैठीं डायल 112 की महिला कर्मचारियों ने रविवार को धरना खत्म कर दिया। महिला कर्मचारी अखिलेश यादव के आवास पर पहुंची, जहां उन्होंने सपा अध्यक्ष और डिंपल यादव के साथ दीपावली का त्योहार मनाया।

अखिलेश यादव ने इस दिवाली उत्सव की तस्वीरें भी शेयर की हैं और लिखा, “इस बार हमने अपने घर पर ‘डायल 100’ की संघर्षरत बहनों के साथ, एक परिवार की तरह दीवाली मनाई और उन्हें आश्वस्त किया कि सपा ‘डायल 100’ की बहनों के संघर्ष की आवाज़ बनेगी। साथ ही इस संवेदनात्मक-संकल्प के दीप भी जलाए कि उनके साथ, बिना किसी दुर्भावना के सच्चा न्याय सुनिश्चित हो।”

अखिलेश यादव ने लिखा, “संवेदना, समाजवादी मूल्यों की भावनात्मक-कोख होती है, जिससे समाज के शोषितों के लिए सद्भावना जन्म लेती है” वहीं दूसरी तरफ उन्होंने शिक्षक भर्ती घोटाले को लेकर भी सवाल उठाए और कहा, “PDA की सत्ता आयेगी, सामाजिक न्याय की रोशनी लाएगी।”