कन्नौज: लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण के लिए 13 मई को होने वाले मतदान के लिए नामांकन का गुरुवार (25 अप्रैल) को अंतिम दिन है। आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संसदीय सीट के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने चार सेट में अपना पत्र दायर किया है।
इस दौरान उनके साथ प्रो. रामगोपाल यादव, सपा जिलाध्यक्ष कलीम खान, पूर्व विधायक कल्याण सिंह दोहरे और पार्टी के प्रदेश सचिव आकाश शाक्य प्रस्तावक के रूप में मौजूद हैं। उनके नामांकन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
भाजपा टैक्स के नाम पर कर रही वसूली
अपने नामांकन के बाद अखिलेश यादव ने प्रेस वार्ता की, जिसमें उन्होंने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनावी रूझानों को देखकर भाजपा नेताओं की भाषा बदल गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा टैक्स के नाम पर लोगों से वसूली कर रहे हैं। वहीं देर से नाम घोषित किए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि हथौड़ा तब ही मारना चाहिए, जब लोहा गर्म हो और हमने ठीक वैसा ही काम किया है।
वहीं, भाजपा नेता सुब्रत पाठक के भारत बनाम पाकिस्तान के मैच वाले बयान पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि न भाजपा बॉल फेंक पाएगी और न ही बैट घुमा पाएगी। अगर पहले ही बॉल पर छक्का न मारा तो हम समाजवादी नहीं और छह की छह गेंदों पर छक्का मारेंगे।