मऊ: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने गुरुवार (30 मई) को घोसी में जनसभा के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। साथ ही मऊ की जनता कहा कि चुनाव में आप सावधान रहिए। उन्होंने घोसी लोकसभा से इंडी गठबंधन के प्रत्याशी राजीव कुमार राय के समर्थन में सभा को संबोधित किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में बुनकर बदहाल हैं। हमारी सरकार आई तो बुनकर की बदहाली को दूर करेंगे। उन्होंने कहा कि जब भाजपा अपने दोस्तों का कर्ज माफ कर सकती है तो हमारी सरकार बनी तो किसानों का कर्ज माफ करेंगे। 30 लाख सरकारी नौकरियों को सही आरक्षण लागू करके दिया जाएगा। शिक्षामित्र, आशा कार्यकार्य और मनरेगा मजदूरों का मानदेय बढ़ाएंगे। कहा कि ये चुनाव हमारे और आपके भविष्य और संविधान को बचाने का है।
इंडी गठबंधन की जीत का दावा
सपा सुप्रीमो ने कहा कि इतनी गर्मी में जो उत्साह देख रहा हूं। ये समर्थन जीत दिलाने जा रहा है, रिकॉर्ड मतों से जीत होगी। अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि वे लोग पिछले कई चरण का चुनाव देखकर घबरा गए हैं। अब उनको छड़ी भी नहीं बचा पाएगी। पीएम महात्मा गांधी जी को याद कर रहे हैं और परिणाम जानकर तपस्या करने जा रहे हैं। परिणाम आएगा तो यही कहेंगे कि उनकी तपस्या में कोई कमी रह गई थी।
अखिलेश यादव ने कहा कि जो 400 पार का नारा दे रहे थे, छह चरणों के चुनाव में उनको परिणाम पता चल गया। बीजेपी को 140 सीट भी नहीं मिलेगी। भाजपा ने किसानों, नौजवानों, माताओं और बहनों को धोखा दिया है। किसान पहले से दुखी हैं। देश के पीएम, गृहमंत्री और जिनको कोई नहीं जानता वो उपमुख्यमंत्री कई बार आ चुके हैं। वोट के दिन सावधान रहना।