संभल: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव संविधान, लोकतंत्र, किसानों और नौजवानों के भविष्य को बचाने का चुनाव है। चुनाव में एक तरफ समाजवादी पार्टी और सहयोगी दल हैं, जो बाबा साहब के संविधान और देश के लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं तो दूसरी तरफ भाजपा है, जो संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने जो संविधान दिया है, वह सभी को बराबरी का हक देता है। गरीबों को आगे बढ़ने का अवसर देता है, लेकिन भाजपा भेदभाव करती है। देश की गंगा-जमुनी तहजीब को नष्ट कर रही है।
शफीकुर्रहमान बर्क के निधन पर जताया शोक
अखिलेश यादव ने बुधवार को संभल दौरे के दौरान सांसद शफीकुर्रहमान बर्क के निधन पर उनके घर जाकर शोक संवेदना प्रकट करने के बाद पत्रकारों से कहा कि भाजपा ने किसानों, नौजवानों को धोखा दिया है। भाजपा सरकार में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होते है। भाजपा सरकार की नीयत युवाओं को नौकरी देने की नहीं है। यह सरकार परीक्षा का दिखावा करती रही है। भाजपा ने बेरोजगारी को रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा दिया है। आखिर क्या कारण है कि हर लीक पेपर की जांच एक ही एजेंसी करती है, लेकिन दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है?
सपा सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा सरकार ने नौजवानों को नौकरी रोजगार के झूठे सपने दिखाए हैं। आज गांव-गांव में बड़ी संख्या में नौजवान बेरोजगार है। भाजपा ने नौजवानों की पूरी पीढ़ी का भविष्य बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि शफीकुर्रहमान बर्क साहब सपा के साथ हमेशा मजबूती के साथ खड़े रहे। उनके इंतकाल से समाजवादी पार्टी को बहुत दुःख है। उनके लाखों साथी, सहयोगी परिवार के लोग बहुत दुःखी है। जनता में उनका बहुत सम्मान था। वह अपनी राय बहुत बेबाकी से स्पष्ट रूप से रखते थे। जनता से उनका बहुत जुड़ाव था।