प्रयागराज: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर से लोकसभा चुनाव 2024 में भारतीय जनता पार्टी को हराने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन और पीडीए देश में परिवर्तन लाएगा। इंडिया गठबंधन भाजपा को देश में 400 सीटों पर हराएगा।
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने गुरुवार को प्रयागराज में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा लोकतंत्र को खत्म कर रही है। लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए भाजपा को हटाना होगा। भाजपा हटाओ-लोकतंत्र बचाओ। भाजपा हटाओ-संविधान बचाओ। भाजपा हटाओ-नौकरी पाओ। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों और नौजवानों के सामने संकट पैदा किया है। भाजपा ने जनता से झूठा वादा किया। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। महंगाई बढ़ती गयी लेकिन किसानों को उनकी फसलों का सही मूल्य नहीं मिला।
नौजवानों को नहीं मिल रहा रोजगार
अखिलेश यादव ने कहा कि नौजवानों को नौकरी, रोजगार नहीं मिल रहा है। भाजपा सरकार में हर प्रतियोगी परीक्षा का पेपर लीक हुआ है। भाजपा की नीयत नौजवानों को नौकरी देने की नहीं है। छात्र-नौजवान दिन रात मेहनत कर पढ़ाई करते हैं। परीक्षाओं के पेपर देते हैं तो पता चलता है कि लीक हो गया। प्रयागराज में परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-नौजवान जानते हैं कि नौकरी के लिए उन्हें कितना संघर्ष करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हुआ। आरओ और एआरओ परीक्षा का पेपर लीक हुआ। इसके पहले कई प्रतियोगी परीक्षा का पेपर लीक हो चुका है। इस सरकार में हर पेपर लीक हो रहा है। भाजपा सरकार जानबूझ कर पेपर लीक कराती है, जिससे नौकरी न देना पड़े। नौजवानों का भविष्य अंधेरे में है। उन्होंने कहा कि इलेक्टोरल बांड में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी इलेक्टोरल बांड की सूची नहीं दी जा रही है। आखिर यह सब क्यों छिपाया जा रहा है? जनता चुनाव का इंतजार कर रही है। जनता भाजपा को हटाने के लिए तैयार बैठी है।