लखनऊ: उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त जी एस नवीन कुमार ने वर्षा की स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि वर्तमान में प्रदेश के सभी तटबन्ध सुरक्षित हैं, कहीं भी किसी प्रकार की चिन्ताजनक परिस्थिति नहीं है। उन्होंने जानकारी दी है कि गत 24 घंटे में प्रदेश में 14.6 मिमी औसत वर्षा हुई है, जो सामान्य वर्षा से 7.6 मिमी के सापेक्ष 192.1 प्रतिशत है। इस प्रकार प्रदेश में 01 जून, 2024 से दिनांक 04 जुलाई, 2024 तक 136.4 मिमी औसत वर्षा हुई, जो सामान्य वर्षा 125.6 मिमी के सापेक्ष 108.6 प्रतिशत है।
राहत आयुक्त ने बताया कि पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 09 जनपदों (बलरामपुर, बरेली, बहराइच, सिद्धार्थनगर, बस्ती, महाराजगंज, गाजीपुर, संत कबीर नगर एवं श्रावस्ती) में 30 मिमी या उससे अधिक वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश में कोई भी नदी खतरे के जलस्तर से ऊपर नहीं बह रही है।
प्रदेश में गत 24 घण्टों में 08 जनहानियाँ हुयी हैं जिसके सापेक्ष जनपदों को मृत व्यक्तियों के परिजनों को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये हैं। प्रदेश में संभावित बाढ़ के दृष्टिगत खाद्यान्न सामग्री वितरण हेतु प्री-टेन्डरिंग के कार्य जनपदों द्वारा पूर्ण कर लिये गये हैं। वर्तमान में प्रदेश के कोई भी जनपद बाढ़ से प्रभावित नहीं है। प्रदेश में वर्षा से प्रभावित जनपद मुरादाबाद में सर्च एवं रेस्क्यू हेतु 01 मोटरबोट, एनडीआरएफ-01, एसडीआरएफ-01 तथा पीएसी-01 की टीम वर्तमान में कार्यरत हैं।